CM Yogi Lucknow-Kanpur Expressway लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सड़क और एक्सप्रेसवे नेटवर्क को नई गति देने की दिशा में मंगलवार को बड़ा कदम उठाया गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब वह राज्य नहीं रहा जिसे कभी ‘बीमारू’ कहा जाता था, बल्कि आज यह देश की अर्थव्यवस्था का ‘ग्रोथ इंजन’ बनकर उभरा है.
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन, आधुनिक बुनियादी ढांचे और बेहतर कनेक्टिविटी की जो परिकल्पना रखी गई थी, उत्तर प्रदेश आज उसी मॉडल का प्रमुख उदाहरण बन चुका है.
उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि भारत की Economy का Breakthrough बनकर देश के Growth Engine के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है… pic.twitter.com/wFRncew0XQ
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 13, 2026
‘पहले पहचान का संकट था, अब विकास की पहचान है’
सीएम योगी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था। न स्पष्ट नीति थी और न ही विकास की नियत। संकीर्ण राजनीति और कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति के कारण राज्य की छवि प्रभावित हुई थी।
उन्होंने कहा कि पहले माफियाओं के आगे सरकारें बेबस दिखाई देती थीं, लेकिन आज उत्तर प्रदेश कानून के राज और विकास के मॉडल के रूप में देशभर में नई पहचान बना रहा है।
‘उपद्रव नहीं, अब उत्सव की पहचान’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश उपद्रव और अपराध के लिए जाना जाता था, जबकि आज यह निवेश, उद्योग, पर्यटन और विकास के उत्सव का केंद्र बन रहा है। राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण बड़े निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
एक्सप्रेसवे नेटवर्क में अग्रणी बना उत्तर प्रदेश
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश की सड़कों की स्थिति इतनी खराब थी कि सड़क और गड्ढे में अंतर करना मुश्किल होता था। आज वही प्रदेश देश में सबसे अधिक और सबसे बड़े एक्सप्रेसवे नेटवर्क वाले राज्यों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और अब लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाएं प्रदेश के आर्थिक विकास को नई दिशा दे रही हैं।
बेहतर कनेक्टिविटी से मिलेगा उद्योग और रोजगार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के विस्तार से औद्योगिक निवेश, कृषि, पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। तेज और सुरक्षित सड़क संपर्क से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा आम लोगों की यात्रा भी अधिक सुगम होगी।
उन्होंने केंद्र सरकार, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तर प्रदेश को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं।
इन परियोजनाओं से मिलेगा बड़ा लाभ
सरकार के अनुसार, ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के पूरा होने से लखनऊ, कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा। साथ ही औद्योगिक कॉरिडोर, लॉजिस्टिक्स, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से लाखों यात्रियों और कारोबारियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

