Friday, March 13, 2026

JPSC Case: क्या 1.5 लाख छात्रों का इंतजार आज होगा खत्म? कैबिनेट बैठक से पहले राँची में बढ़ी सियासी और प्रशासनिक हलचल

Ranchi Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में झारखंड कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय की संभावना है। खासतौर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की निगाहें इस बैठक पर टिकी हुई हैं, क्योंकि JPSC परीक्षा में उम्र सीमा में छूट और पलामू फोर्थ ग्रेड बहाली की परीक्षा तिथि जैसे मुद्दों पर विचार हो सकता है।

लंबे समय से अभ्यर्थी JPSC संयुक्त असैनिक प्रतियोगिता परीक्षा में उम्र सीमा में छूट की मांग कर रहे हैं। JPSC द्वारा जारी विज्ञापन में किसी भी प्रकार की आयु-छूट का प्रावधान नहीं किया गया है, जिससे कई उम्मीदवार आवेदन से वंचित हो रहे हैं। इसी वजह से अभ्यर्थियों में गहरा असंतोष और आक्रोश देखने को मिल रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि कैबिनेट बैठक में उम्र सीमा में छूट को मंजूरी मिलती है, तो हजारों प्रभावित उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

Ranchi Cabinet Meeting में पलामू फोर्थ ग्रेड बहाली का मुद्दा भी प्रमुख रूप से उठ सकता है। पलामू जिले के अभ्यर्थी मांग कर रहे हैं कि फोर्थ ग्रेड की नियुक्ति लिखित परीक्षा के माध्यम से की जाए, न कि केवल 10वीं के अंकों के आधार पर। अभ्यर्थियों का तर्क है कि जब वर्ष 2017 में लिखित परीक्षा ली गई थी, तो 2026 में परीक्षा क्यों नहीं कराई जा रही है। उनका कहना है कि सिर्फ प्रतिशत के आधार पर नौकरी देना अन्यायपूर्ण है।

अभ्यर्थियों ने यह भी आरोप लगाया है कि नियमावली बनने के बावजूद पलामू जिले के लिए अब तक कोई स्पष्ट गाइडलाइन जारी नहीं की गई है। कई उम्मीदवार रोजगार की उम्मीद छोड़कर दूसरे राज्यों में मजदूरी करने को मजबूर हो चुके हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि कैबिनेट बैठक में पलामू फोर्थ ग्रेड की लिखित परीक्षा की तिथि घोषित की जाए।

 

Latest news

Related news