Bihar Pension Diwas :बिहार सरकार ने राज्य के बुजुर्गों, दिव्यांगों और जरूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज (10 जुलाई 2026) लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से डीबीटी (DBT) के माध्यम से 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की है.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब से राज्य में प्रत्येक माह की 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा. इस विशेष दिन यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी पात्र लाभार्थियों को उनकी पेंशन राशि बिना किसी देरी के मिल जाए.
Bihar Pension Diwas: मई और जून महीने की राशि का हुआ भुगतान
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और लाभार्थी जुड़े हुए थे. इस बार ट्रांसफर की गई राशि में तीनों राज्य पेंशन योजनाओं के तहत जून 2026 महीने की राशि और तीनों एन०एस०ए०पी० (NSAP) पेंशन योजनाओं के तहत मई और जून 2026 की राशि शामिल है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “आज की यह व्यवस्था सरकार की पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित जनकल्याणकारी नीति का प्रमाण है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, बुजुर्ग और समाज के वंचित वर्गों की सामाजिक सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इन योजनाओं का जो आधार तैयार हुआ था, उसे हम और मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं.”
छूटे हुए लाभार्थियों को जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राज्य का कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए. इसके लिए उन्होंने निम्नलिखित कदम उठाने को कहा:
विशेष अभियान: सहयोग शिविर और पंचायत विकास दिवस के माध्यम से लोगों से सीधा संवाद कर छूटे हुए लाभार्थियों की पहचान की जाएगी.
आधार लिंकिंग पर जोर: जिन लाभार्थियों का आधार कार्ड अभी तक बैंक खाते से लिंक नहीं है, उनका आधार जल्द से जल्द लिंक कराया जाएगा.
समयबद्ध वितरण: पेंशन वितरण को शत-प्रतिशत पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाएगा ताकि हर नागरिक सम्मान से जी सके.
400 से बढ़कर 1100 रुपये हुई पेंशन राशि, बढ़ा आत्मविश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल वित्तीय मदद देना नहीं, बल्कि समाज के सबसे कमजोर वर्ग के आत्मविश्वास और सम्मान को बहाल करना है. पेंशन की राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये किए जाने से लाभार्थियों के जीवन स्तर में बड़ा और सकारात्मक बदलाव आया है. सरकार गरीब और जरूरतमंदों की सामाजिक सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
इस कार्यक्रम की शुरुआत में सामाजिक सुरक्षा निदेशक श्रीमती डॉ० प्रीति ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया. कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ० श्वेता गुप्ता और मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत सहित राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

