Friday, March 13, 2026

भोपाल में बड़ा हादसा: मैरिज गार्डन में फटे 10 गैस सिलेंडर, घरों की दीवारें गिरीं

Gas Cylinder Blast भोपाल : सोमवार-मंगलवार की दरमियानी देर रात सिलेंडर में ब्लास्ट से आग लगने की सूचना के बाद नगर निगम की दमकलें मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया.

Gas Cylinder Blast  :सनराइज मैरिज गार्डन में हुआ हादसा  

राजधानी भोपाल के भानपुर क्षेत्र में स्थित सनराइज मैरिज गार्डन में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी देर रात एक-एक कर दस गैस सिलेंडर बम की तरह धमाकों के साथ फट गए. सिलेंडरों में धमाकों से मैरिज गार्डन में आग लग गई, जिससे कई फीट ऊंची लपटें दिखाई दे रही थीं. मैरिज गार्डन में सिलेंडर ब्लास्ट से आसपास के कई घरों की दीवारों में दरारें आ गई हैं. यह मैरिज गार्डन रिहायशी क्षेत्र में स्थित है. कॉलोनीवासियों ने मैरिज गार्डन में अवैध रूप से गैस सिलेंडर की रिफिलिंग किए जाने का आरोप लगाया है. यह भी सवाल उठाया गया है कि रिहायशी क्षेत्र में मैरिज गार्डन को मान्यता कैसे प्रदान की गई.

दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

सोमवार-मंगलवार की दरमियानी देर रात सिलेंडर में ब्लास्ट से आग लगने की सूचना के बाद नगर निगम की दमकलें मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया. जहां घटना हुई है, वह क्षेत्र वार्ड-74 के अंतर्गत आता है.

गार्डन के पास रिहायशी कॉलोनी

स्थानीय लोगों ने वार्ड अधिकारियों की अनदेखी के भी आरोप लगाए हैं और गार्डन संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग की है. स्थानीय लोगों ने बताया कि मैरिज गार्डन के किचन की तरफ रिहायशी कॉलोनी सटी हुई है. यहां से ब्लास्ट होने से कई और घरों में आग लगने की आशंका बनी रहती है. मैरिज गार्डन से निकलने वाले वेस्ट और खाद्य पदार्थों को खेत में खुले में डंप किया जाता है, जिससे बीमारी फैलने की आशंका हमेशा बनी रहती है.

धमाकों की आवाज से भागे लोग

एक के बाद एक लगातार हो रहे धमाकों से कॉलोनी के लोग दहशत में आ गए और लोग घरों के बाहर निकल आए. आग जब तक पूरी तरह से काबू में नहीं आई, तब तक लोग घरों के बाहर ही रहे. गार्डन से सटी आसपास की कई कॉलोनियों के लोग रातभर दहशत में रहे. सनराइज मैरिज गार्डन रोहित साहू नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है. उसके खिलाफ लोग पुलिस और नगर निगम में शिकायत करने की तैयारी में हैं.

शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां पहले भी आग की घटनाएं हो चुकी हैं. प्रशासन से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. इतना ही नहीं, अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों में गैस रिफिलिंग भी लंबे समय से चल रही है, जिस पर प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा. इस गार्डन के पास श्रीराम कॉलोनी, सिद्धिविनायक कॉलोनी, मोहाली खेजड़ा जैसे रिहायशी इलाके हैं, जहां के लोग दहशत में हैं.

Latest news

Related news