बीजेपी शासित मध्यप्रदेश से आज एक दिल को दहलाने वाली तस्वीर सामने आई है. तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें ये दिख रहा है कि कुछ गायों को जो मर चुकी हैं, उनको बेसली नदी में फेंका जा रहा है. बताया जा रहा है कि ये गायें लंपी वायरस से ग्रस्त थीं और मौत के बाद इनकी लाशों को गोहद नगर पालिका द्वारा बेसली नदी में फेंका जा रहा है. सरकारी लापरवाही का ये नमूना उस प्रदेश का है जहां सरकार ने देश में पहली बार गायों के लिए एंबुलेंस सेवा शुरु की थी . हजारों गौशालाएं चलाई जा रही हैं.उस प्रदेश में लापरवाही का ये वीडियो रौंगटे खड़े कर देने वाला है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लंपी वायरस की चपेट में आकर अब तक 75 हजार से ज्यादा गायों की मौत हो चुकी है. देश भर के लगभग 12 राज्यों में लंपी बीमारी गौ माताओं पर कहर बरसा रही है.राजस्थान में लंपी से ग्रस्त कुछ गायें इलाज के बाद ठीक हुई हैं लेकिन उनमें दूध ना आना, आंखों में सफेद धब्बे के साथ कई और लक्षण दिखाई दे रहे हैं. डाक्टरों का कहना है कि इन गायों में पोस्ट कोरोना जैसे लक्षण दिखाई रहे हैं. गायों की इम्यूनिटी पावर बहुत कम हो गई है.
तेजी से फैल रहे लंपी बीमारी ने पूरे देश मे कहर मचा रखा है लेकिन ऐसे ही अगर सरकारी लापरवाही होती रही तो वो दिन दूर नहीं है जब एक नया वायरस तबाही मचाता दिखाई देगा.

