जमुई (रिपोर्टर-मो.अंजुम आलम) JAMUI पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम को संयुक्त छापेमारी में बड़ी कामयाबी मिली है. टीम ने गुरुवार की देर रात एक ट्रक को जब्त किया है, जिसमें ट्रक पर लदे मूढ़ी(मुरमुरे) के नीचे से 460 किलो गांजा बरामद किया गया. हालांकि पुलिस टीम को देख चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गये. उक्त जानकारी प्रेस वार्ता के दौरान एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन ने दी है.

Jamui: 46 पैकेट गांजा बरामद किया गया
एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन ने बताया कि झारखंड से बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी करने की सूचना उन्हें मिली थी. उसके बाद इसकी जानकारी उत्पाद अधीक्षक संजीव कुमार ठाकुर, एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक ,सोनो अंचलाधिकारी को दी गई. उसके बाद सभी पदाधिकारी सोनो के डुमरी चेकपोस्ट पर पहुंचे और वाहनों की जांच शुरू की. इस दौरान एक ट्रक को जब रुकवाया गया तो चालक और कंडक्टर दोनों मौके से फरार हो गये. जब ट्रक की तालाशी ली गई तो ट्रक पर लदे मुढ़ी (मुरमुरे) के पैकेट के नीचे से 46 पैकेट गांजा बरामद किया गया.
प्रत्येक पैकेट में 10 किलो गांजा यानि कुल 460 किलो गांजा बरामद किया गया है. उन्होंने बताया कि गांजा झारखंड से जमुई के रास्ते ले जाया जा रहा था. गांजा के तस्कर का पता लगाया जा रहा है. गांजा कहां लेकर जा रहे थे इसका भी पता लगाया जा रहा है. फिलहाल गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के अनुसार छानबीन की जा रही है. FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं छापेमारी टीम में उत्पाद इंस्पेक्टर सुभाष कुमार सिंह, सोनो थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार सहित बड़ी संख्या में उत्पाद सिपाही व पूलिस मौजूद थे.
इन दिनों बिहार और झारखंड के बीच गांजे की तस्करी के मामले काफी बढ़ गये हैं. लगातार पुलिस का सख्ती के बावजूद दो राज्यों के बीच तस्कर फायदा उठाते हैं और तस्करी करके फरार हो जाते हैं.

