NewsClick से जुड़े पत्रकार 7-9 घंटे की पूछताछ के बाद अपने-अपने घर लौटे

नई दिल्ली :  न्यूज वेबसाइट NewsClick से जुड़े कई वरिष्ठ पत्रकार उर्मिलेश, अभिसार, प्रांजल गुहा को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कई घंटों की पूछताछ के बाद आखिरकार छोड़ दिया है. Newsclick में बतौर कंसलटेंट  जुड़े वरिष्ठ पत्रकार प्रांजल गुहा ने स्पेशल सेल से बाहर आकर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वो आज सुबह 8.30 बजे से स्पेशल सेल के साथ थे. सुबह दिल्ली पुलिस के अधिकारी उनके घर पर छापेमारी के लिए पहुंचे और कई सवाल किया. फिर पूछताछ के लिए उन्हें स्पेशल सेल लाया गया. वहां भी उनसे न्यूजक्लिक से संबंधित सवाल पूछे गये.

NewsClick कंसलटेंट प्रांजल गुहा 9.30 घंटे बाद बाहर आये

प्रांजल गुहा ने पत्रकारों को बताया कि उनसे पूछा गया कि..

  • क्या वो Newsclick में काम करते हैं?
  • उन्हें न्यूजक्लिक से कितनी सैलरी मिलती है?
  • क्या उन्होंने दिल्ली दंगा मामले को कवर किया है?
  • क्या उन्होंने दिल्ली किसान आंदोलन को कवर किया है?
  • आप Newsclick के साथ क्यों जुड़े हैं ?

प्रांजल गुहा को  करीब 9.30 घंटे की पूछताछ के बाद छोड़ा गया. भारत सरकार से मान्यता प्राप्त (PIB Card Holder) स्वतंत्र पत्रकार प्रांजल गुहा ने बताया कि उनसे बार-बार एक ही सवाल कई तरीके से पूछा गया. प्रांजल गुहा ने बताया कि उन्हें स्पेशल सेल में आकर पता चला कि उनके उपर UAPA के अंतर्गत FIR दर्ज किया गया. करीब साढ़े 9 घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें अब वापस छोड़ा गया है.

पत्रकार उर्मिलेश और अभिसार भी बाहर आये

वरिष्ठ पत्रकार उर्मिलेश और अभिसार शर्मा भी बाहर आये और अपने-अपने घर की ओर रवाना हो गये हैं. आम तौर से सरकार के खिलाफ मुखर होकर बोलने वाले अभिसार शर्मा स्पेशल सेल से बाहर आते ही अपनी कार में बैठे और बिना कुछ बोले सीधे अपने घर की ओर रवाना हो गये.

ऐसा ही कुछ वरिष्ठ पत्रकार उर्मिलेश ने भी किया. स्पेशल सेल से बाहर आते ही सीधे गाड़ी में बैठे और निकल गये.

वेबसाइट NewsClick के दफ्तर पर स्पेशल सेल ने ताला लगाया

पत्रकारों को हिरासत में लेने के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बेवसाइट न्यूजक्लिक के दिल्ली स्थित दफ्तर पर भी ताला लगा दिया है.

क्या है पूरा मामला ?

आपको बता दें कि मंगलवार की सुबह 6 बजे से ही विदेशी फंडिंग के मामले में दर्ज  केस की जांच के लिए  दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने न्यूज वेबसाइट Newsclick के दफ्तर और इससे जुड़े कई वरिष्ठ पत्रकारों के घरों पर छापेमारी की थी और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गये थे. न्यूज वेबसाइट Newsclick के खिलाफ चीन से करोड़ों रुपये लेने का आरोप है.

पत्रकारों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर एडिटर्स गिल्ड ने गहरी चिंता जताई है. एडिटर्स गिल्ड ने सरकार से अपील की है कि सरकार जांच में उचित प्रक्रिया का पालन करे और कठोर आपराधिक कानूनों के जरिये प्रेस को डराने-धमकाने का उपकरण न बनाने दे.

 

 

Latest news

Related news