न्यूयॉर्क। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स के बढ़ते प्रभाव के बीच अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में एक अनोखी पहल सामने आई है। यहां एक स्टार्टअप कंपनी रोबोट डॉग को टहलाने के लिए लोगों को बाकायदा नौकरी दे रही है, जिसके लिए हर घंटे लगभग 20 डॉलर (करीब 1,700 रुपये) का भुगतान किया जा रहा है।
बिना तकनीकी डिग्री के मिल रही नौकरी
इस काम के लिए किसी खास तकनीकी डिग्री या रोबोटिक्स के अनुभव की जरूरत नहीं है। कंपनी काम शुरू कराने से पहले कर्मचारियों को पूरा प्रशिक्षण देती है और इस ट्रेनिंग अवधि का भी पूरा वेतन दिया जाता है। कर्मचारियों को रोजाना 4 से 6 घंटे तक 15 किलोग्राम वजनी इस रोबोट डॉग को शहर की विभिन्न सड़कों और रास्तों पर लेकर घूमना होता है।
सुरक्षा और परीक्षण से जुड़ी मुख्य जिम्मेदारियां
सड़क पर टहलते समय ऑपरेटर को रोबोट डॉग की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखनी होती है। आसपास के वाहनों, पैदल यात्रियों और रास्ते की बाधाओं से रोबोट का बचाव करना ऑपरेटर का मुख्य काम है। यदि रोबोट में कोई तकनीकी खराबी आती है, तो स्थिति को तुरंत संभालना पड़ता है। ऐसे में यह नौकरी साधारण टहलने से इतर आधुनिक तकनीक के सार्वजनिक परीक्षण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

