गाजियाबाद। जापान में आयोजित पाँचवें एशियन पैरा गेम्स-2026 में गाजियाबाद की पैरा एथलीट और अर्जुन अवॉर्डी सिमरन ने 100 मीटर और 200 मीटर रेस में दो स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश के पंचायती राज विभाग में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) के पद पर कार्यरत सिमरन की इस स्वर्णिम सफलता से प्रदेश और देश में खुशी का माहौल है।
पंचायती राज निदेशक ने दी बधाई
सिमरन की इस ऐतिहासिक सफलता पर पंचायती राज विभाग के निदेशक धीरेंद्र सिंह सचान ने उनसे फोन पर बातचीत कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सिमरन ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि खिलाड़ियों और युवाओं के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत की तैयारी
निदेशक सचान ने सिमरन के स्वागत के लिए विशेष दिशानिर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सिमरन के आगमन पर उन्हें सम्मानपूर्वक रिसीव किया जाए और लखनऊ लाकर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया जाए, ताकि उनकी इस बड़ी उपलब्धि को सम्मानित किया जा सके।

