आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। आजमगढ़ में 29 तारीख को होने वाली सामाजिक समरसता महारैली को लेकर उन्होंने दावा किया कि इस रैली से सपा का गढ़ पूरी तरह उखड़ जाएगा और पता भी नहीं चलेगा कि पार्टी कहां गई। उन्होंने बताया कि इस महारैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष समेत कई दिग्गज नेता शिरकत करेंगे।
कन्नौज के कार्यक्रम और घोषणापत्र पर तंज
राजभर ने कन्नौज में सपा के कार्यक्रम में भीड़ न जुटने को लेकर अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सांसद और राष्ट्रीय अध्यक्ष के खुद के क्षेत्र में कार्यक्रम का फ्लॉप होना यह साबित करता है कि जनता ने उन्हें नकार दिया है, जिसका असर 2027 के चुनाव में दिखेगा। इसके अलावा अखिलेश के चुनावी घोषणापत्र पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे पहले भी कई बार घोषणापत्र ला चुके हैं, लेकिन जनता का दिल जीतने में नाकाम रहने के कारण वे पिछले 10 साल से सत्ता से बाहर हैं और 2027 में भी उनकी सरकार नहीं बनने वाली है।
मोदी-योगी की लोकप्रियता और आजम खान पर बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए राजभर ने कहा कि दोनों नेताओं ने जनता का दिल जीता है, जिसके चलते देश और प्रदेश में उनकी सरकारें लगातार मजबूत हो रही हैं। वहीं, 22 अक्टूबर को अखिलेश यादव के रामपुर जेल जाकर आजम खान से मिलने के सवाल पर उन्होंने ओवैसी के बयान का समर्थन करते हुए इसे चुनावी लाभ और मुस्लिम वोट बैंक को साधने का महज एक ढकोसला करार दिया।

