Chhattisgarh Sugarcane MSP रायपुर : छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने गन्ना उत्पादक किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है. अब प्रदेश के शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी. खास बात यह है कि पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के हिसाब से किया जाएगा. इससे पहले खरीदे गए गन्ने पर भी किसानों को बढ़ी दर का लाभ मिलेगा.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान यह निर्णय लिया. इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी उपस्थित थे.
Chhattisgarh Sugarcane MSP: पेराई सत्र 2025-26 के भुगतान पर भी मिलेगा लाभ
भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा के दौरान गन्ना उत्पादक किसानों के हितों का मुद्दा प्रमुखता से उठा. किसानों की मांग और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित पहल की और शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी दर 425 रुपये प्रति क्विंटल करने का फैसला लिया.
सरकार के इस निर्णय का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पेराई सत्र 2025-26 में पहले ही खरीदे जा चुके गन्ने का भुगतान भी नई दर के अनुसार किया जाएगा. यानी किसानों को बढ़ी हुई दर का लाभ केवल आगे होने वाली खरीदी पर ही नहीं, बल्कि संबंधित पिछले पेराई सत्र की खरीदी पर भी मिलेगा.
‘अन्नदाता की खुशहाली समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली ही समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है. सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिले, खेती लाभकारी बने और किसान परिवार आर्थिक रूप से लगातार मजबूत हों.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की जरूरतों और समस्याओं के प्रति संवेदनशील है. किसान हित से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लिए जा रहे हैं, ताकि कृषि को सम्मानजनक और लाभकारी आजीविका का माध्यम बनाया जा सके.
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही हैं. छत्तीसगढ़ सरकार भी अपनी नीतियों और फैसलों में किसानों के हितों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही है.
उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण समृद्धि में किसानों की अहम भूमिका है. खेती मजबूत होगी तो गांव मजबूत होंगे और गांवों की समृद्धि से ही पूरे छत्तीसगढ़ के विकास का रास्ता खुलेगा.
सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और कृषि उनके परिवारों की आर्थिक मजबूती का आधार बने. गन्ने की खरीदी दर 425 रुपये प्रति क्विंटल करने और पेराई सत्र 2025-26 के भुगतान में भी इसका लाभ देने के फैसले को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

