मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर इस वीकएंड नई और पुरानी फिल्मों के बीच दिलचस्प कमाई का मुकाबला देखने को मिल रहा है। हाल ही में रिलीज हुई सिद्धार्थ मल्होत्रा की एक्शन-थ्रिलर 'द वन' के कलेक्शन में दूसरे दिन उछाल दर्ज किया गया है। वहीं दक्षिण भारतीय स्टार नानी की फिल्म 'द पैराडाइज' की कमाई में भी लगातार स्थिरता बनी हुई है। दूसरी ओर, बॉक्स ऑफिस पर लंबे समय से टिकी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'हनुमान अंश' अपने 51वें दिन भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जल्द ही 300 करोड़ क्लब में शामिल होने की ओर बढ़ रही है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा की 'द वन' के कलेक्शन में दूसरे दिन बढ़त
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया अभिनीत फिल्म 'द वन-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' 25 सितंबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई। दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों का सकारात्मक रिस्पॉन्स मिल रहा है। ओपनिंग डे पर 8 करोड़ रुपये के साथ धीमी शुरुआत करने के बाद, शनिवार को वीकएंड का फायदा उठाते हुए फिल्म ने 11 करोड़ रुपये की कमाई की। दो दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 19 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। 80 से 100 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का शुरुआती प्रदर्शन औसत माना जा रहा है।
नानी की 'द पैराडाइज' की कमाई पहुंची 76 करोड़ के पार
श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी और दक्षिण भारतीय स्टार नानी अभिनीत फिल्म 'द पैराडाइज' का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा बना हुआ है। फिल्म ने पहले दिन 34.65 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग ली थी, जिसके बाद दूसरे दिन 14.90 करोड़ और तीसरे दिन 15.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया गया। रिलीज से पूर्व आयोजित स्पेशल स्क्रीनिंग के 11.60 करोड़ रुपये को मिलाकर फिल्म की कुल कमाई 76.40 करोड़ रुपये हो चुकी है और यह दर्शकों को आकर्षित करने में सफल रही है।
'एवेंजर्स: एंडगेम एनकोर' की दोबारा री-रिलीज को मिला दर्शकों का प्यार
मार्वल स्टूडियोज की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'एवेंजर्स: एंडगेम' ने सात साल बाद 'एवेंजर्स: एंडगेम एनकोर' के नाम से सिनेमाघरों में दोबारा वापसी की है। 25 सितंबर को भारतीय सिनेमाघरों में री-रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 7.25 करोड़ रुपये का बिजनेस किया, जबकि दूसरे दिन शनिवार को इसकी कमाई 7.65 करोड़ रुपये रही। मार्वल फैंस के क्रेज के चलते दो दिनों में री-रिलीज फिल्म का कुल कलेक्शन 14.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
'हनुमान अंश' 300 करोड़ क्लब के करीब, 'मिर्जापुर' की रफ्तार धीमी
बॉक्स ऑफिस पर 51 दिन पूरे कर चुकी 'हनुमान अंश' का भौकाल अब भी कायम है। शुक्रवार को 3.35 करोड़ रुपये कमाने के बाद शनिवार को इसके कलेक्शन में फिर उछाल आया और फिल्म ने 6.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे इसका कुल नेट बिजनेस 298.03 करोड़ रुपये हो गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि रविवार को यह 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी। वहीं दूसरी तरफ, 'मिर्जापुर: द मूवी' का कलेक्शन अब धीमा पड़ गया है। 23वें दिन 1.55 करोड़ रुपये जुटाने के साथ फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 225.35 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

