इंदौर में अवैध दवा गोदाम पर छापा,10 हजार से ज्यादा गर्भपात किट बरामद, 9 हजार किट पहले ही बिकने का दावा

इंदौर। शहर के धार कोठी इलाके में ड्रग विभाग और पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली अवैध दवाओं का एक बहुत बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस छापेमारी में अधिकारियों ने 10 हजार से अधिक गर्भपात किट और अन्य प्रतिबंधित दवाएं जब्त की हैं, जिनकी बाजार में शुरुआती कीमत 52 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है।

क्वालिटी फार्मा के गोदाम पर छापा

ड्रग विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सेंट रफायल स्कूल के पास स्थित 'क्वालिटी फार्मा' से जुड़े गोदाम पर गुरुवार रात यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान टीम को गोदाम में दवाओं के भंडारण और वैध बिक्री से जुड़े कोई भी आवश्यक दस्तावेज या रिकॉर्ड नहीं मिले। हालांकि फर्म के पास लाइसेंस होने की बात सामने आई है, लेकिन रिकॉर्ड पेश न कर पाने के कारण पूरी खेप को जब्त कर लिया गया है।

9 हजार किट पहले ही बेचे जाने का खुलासा

जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि संबंधित फर्म द्वारा इससे पहले बाजार में करीब 9 हजार गर्भपात किट बेची जा चुकी हैं। ड्रग विभाग अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रहा है कि ये दवाएं किन-किन लोगों, मेडिकल स्टोरों या अस्पतालों तक पहुंचाई गईं।

इसके अलावा, कार्रवाई के दौरान 'सिडनाफिल साइट्रेट' और ‘सेफ्टी पिल’ ब्रांड की दवाएं भी भारी मात्रा में मिली हैं, जिन्हें जांच के दायरे में रखा गया है। अधिकारियों द्वारा जब्त दवाओं के बैच नंबर और उनकी पूरी सप्लाई चेन की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

जावेद खान और अजय सवडतकर की भूमिका जांच के घेरे में

ड्रग विभाग के अनुसार, यह अवैध भंडारण और कारोबार जावेद खान और अजय सवडतकर नामक व्यक्तियों से जुड़ा हुआ है। दस्तावेजों की पड़ताल और जांच पूरी होने के बाद दोनों की संलिप्तता और भूमिका स्पष्ट होगी, जिसके आधार पर 'ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट' के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नियमों के मुताबिक, गर्भपात से जुड़ी दवाएं केवल वैध चिकित्सकीय नुस्खे (प्रिस्क्रिप्शन) और तय कानूनी प्रक्रियाओं के तहत ही बेची जा सकती हैं। इस पूरी कार्रवाई को ड्रग इंस्पेक्टर सारिका अग्रवाल, योगेश गुप्ता और लोकेश गुप्ता की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से अंजाम दिया है।

 

Latest news

Related news