नंदीग्राम में सियासी ट्विस्ट: ममता के समर्थन के बाद कांग्रेस उम्मीदवार गिरफ्तार

Nandigram Bypoll : नंदीग्राम उपचुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक के बाद एक नये मोड़ आ रहे हैं. ताजा मामला  कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान का है. मिलन प्रधान को एक पुराने हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया जिसने नंदी ग्राम उपचुनाव के माहौल को गर्मा दिया है. खास बात यह है कि गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले ही ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया था.

ममता बनर्जी के इस फैसले को विपक्षी एकजुटता और नंदीग्राम के चुनावी समीकरण से जोड़कर देखा जा रहा है.वहीं,कांग्रेस ने गिरफ्तारी के समय पर सवाल उठाते हुए इसे विपक्ष को डराने-धमकाने की कोशिश बताया है.

कांग्रेस प्रवक्ता मीता चक्रवर्ती ने मिलन प्रधान की गिरफ्तारी के समय को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के समर्थन का ऐलान होने के कुछ ही घंटों के भीतर कांग्रेस उम्मीदवार को गिरफ्तार किया गया. ये सरासर विपक्ष पर दवाब बनाने की रणनीति है. चक्रवर्ती ने इसे विपक्ष को डराने-धमकाने की कोशिश बताते हुए लोकतंत्र और विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई से कांग्रेस या विपक्ष को रोका नहीं जा सकता.

नंदीग्राम उपचुनाव में ममता बनर्जी के खेमे की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे के नामांकन वापस लेने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान के समर्थन का ऐलान किया गया.

ममता बनर्जी ने इस फैसले को विपक्षी INDIA गठबंधन को मजबूत करने से जोड़ा. उन्होंने कांग्रेस को समर्थन देने की बात कही और नंदीग्राम में विपक्षी एकजुटता का संदेश दिया.

चुनाव आयोग के फैसले से बढ़ा विवाद

17 सितंबर 2026 को चुनाव आयोग ने तृणमूल कांग्रेस के नाम और उसके पारंपरिक चुनाव चिह्न पर अंतरिम रोक लगाई. आयोग के अनुसार, पार्टी के भीतर दो गुट अपने-अपने दावे पेश कर रहे हैं और विवाद का अंतिम समाधान अभी नहीं हुआ है.

आगामी उपचुनावों के लिए दोनों गुटों को अलग-अलग नाम और चुनाव चिह्न दिए गए हैं. इस फैसले पर ममता बनर्जी ने नाराजगी जताई और इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर मुद्दा बताया.

नंदीग्राम विधानसभा सीट पर उपचुनाव 6 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर 2026 को होगी. इस चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को ममता बनर्जी के खेमे का समर्थन मिलने के बाद राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है.

ममता बनर्जी के समर्थन और कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी ने नंदीग्राम उपचुनाव को चर्चा के केंद्र में ला दिया है. एक ओर विपक्षी समर्थन के जरिए गठबंधन की राजनीति का संदेश दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर गिरफ्तारी के समय को लेकर कांग्रेस सवाल उठा रही है.

Latest news

Related news