सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले की पुलिस ने बजरंग मार्केट स्थित एक ज्वेलरी शॉप में हुई कट्टे और पिस्टल की नोक पर सनसनीखेज डकैती का महज़ छह घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा उनके पास से लूटे गए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकद राशि बरामद कर ली है। वारदात में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की नौ विशेष टीमें निरंतर छापेमारी कर रही हैं।
हथियारों की नोक पर फायरिंग कर डकैतों ने मचाया था तांडव
घटना सिंगरौली जिले के विंध्य नगर थाना अंतर्गत जयंत क्षेत्र के बजरंग मार्केट स्थित 'कंचन ज्वेलर्स' की है। बीते गुरुवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे पांच नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में प्रवेश कर कट्टे और पिस्टल की नोक पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। व्यापारी द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने मालिक अखिलेश कुमार वर्मा पर पिस्टल की बट से हमला कर दिया, जबकि कर्मचारी राहुल पर गोली चला दी, जिससे उसकी हथेली की हड्डी टूट गई। इसके पश्चात बदमाश दुकान से 300 ग्राम सोने के आभूषण, 200 ग्राम चांदी और लगभग ढाई लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से छह घंटे में मिली सफलता
डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण करने पर पूरी वारदात दर्ज मिली, जिसमें एक बदमाश बाहर निगरानी कर रहा था और चार अंदर लूटपाट कर रहे थे। पीड़ित अखिलेश वर्मा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर नाकेबंदी की गई तथा मुखबिरों को अलर्ट किया गया। सघन तलाशी के परिणामस्वरूप पुलिस ने महज छह घंटे में वारदात की गुत्थी सुलझा ली।
पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर चला अंतर्राज्यीय सर्च ऑपरेशन
रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत ने सिंगरौली पहुंचकर पुलिस टीम के प्रयास की सराहना की। इस दौरान उनके साथ पुलिस उप-महानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान और एसपी षियाज़ के.एम. भी मौजूद रहे। आईजी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सात अलग-अलग टीमों का गठन कर सीमावर्ती क्षेत्रों में रवाना किया गया। चूंकि क्षेत्र झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमाओं से सटा हुआ है, इसलिए संबंधित राज्यों की पुलिस को भी तत्काल अलर्ट पर रखा गया।
फिसलकर गिरे बदमाश, पुलिस ने खदेड़कर दबोचा
गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अपाचे मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध बदमाश भाग रहे हैं। पुलिस टीम ने पीछा शुरू किया, जिसके बाद तेज रफ्तार के कारण बदमाशों की बाइक फिसल गई। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर अनुराग चंद्रवंशी और लकी पासवान (दोनों निवासी झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और अपने तीसरे साथी के संबंध में सुराग दिया।
सोनभद्र पुलिस का शॉर्ट एनकाउंटर, माल बरामद
प्राप्त सुरागों के आधार पर सिंगरौली पुलिस ने उत्तर प्रदेश की सोनभद्र पुलिस से संपर्क साधा। सोनभद्र पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रोशन को एक शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया और सिंगरौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। तीनों आरोपियों के पास से 200 ग्राम सोने के जेवर, 205 ग्राम चांदी और करीब एक लाख रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं। आईजी ने बताया कि शेष दो फरार बदमाशों को पकड़ने और बाकी की संपत्ति बरामद करने के लिए नौ टीमें काम कर रही हैं।

