बुजुर्ग की मदद करने के बहाने पास आया, मारपीट कर बाइक लूटी; पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा

भिवानीजिले के लोहारू क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग को मदद और दवाई दिलाने का झांसा देकर मारपीट करने और बाइक छीनने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को ढिगावा के समीप नहर से दबोचा और पीड़ित बुजुर्ग से उसकी शिनाख्त भी करवाई। इसके अलावा, पुलिस ने छीनी गई बाइक को बवानी खेड़ा से बरामद कर लिया है।

दवाई का झांसा देकर सुनसान जगह ले गया आरोपी

जानकारी के अनुसार, गांव गोठड़ा निवासी 75 वर्षीय बलबीर सोमवार को लोहारू स्थित ईसीएचएस (ECHS) केंद्र में दवा लेने पहुंचे थे। देवीलाल चौक के पास वह अचानक बाइक से नीचे गिर पड़े। तभी वहां मौजूद आरोपी ने मदद का आश्वासन दिया और दवाई दिलाने में सहायता करने की बात कही। आरोपी बुजुर्ग को बाइक पर बैठाकर ले गया और दवा दिलाने के बाद बहाने से पिलानी रोड की तरफ ले गया। वहां पहुंचकर उसने बुजुर्ग के साथ मारपीट की, उन्हें धक्का देकर नीचे गिराया और बाइक लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा, बाइक भी बरामद

वारदात की सूचना मिलते ही लोहारू थाना पुलिस और डिटेक्टिव टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर आरोपी दीपक (निवासी बवानीखेड़ा) को ढिगावा के पास नहर से गिरफ्तार कर लिया।

न्यायालय में पेश करेगी पुलिस

लोहारू पुलिस थाने के जांच अधिकारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बुजुर्ग की छीनी गई बाइक भी बवानीखेड़ा से बरामद कर ली गई है। आरोपी का मेडिकल कराने के बाद उसकी निशानदेही पर आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

Latest news

Related news