बोर्ड परीक्षा फॉर्म को लेकर नया नियम, PEN और U-DISE कोड हुआ अनिवार्य

रांची| झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वर्ष 2027 की मैट्रिक, इंटरमीडिएट, मदरसा और मध्यमा परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के पंजीयन और परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब प्रत्येक विद्यार्थी के लिए 'परमानेंट एजुकेशन नंबर' (PEN) और संबंधित शैक्षणिक संस्थान के लिए 'U-DISE कोड' होना अनिवार्य कर दिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि इन दोनों के बिना किसी भी छात्र का रजिस्ट्रेशन या परीक्षा फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके लिए सभी विद्यालयों को 30 सितंबर तक की समय-सीमा दी गई है।

मैट्रिक-इंटर के साथ मदरसा व मध्यमा पर भी लागू होंगे नियम

यह नई व्यवस्था केवल नियमित हाई स्कूल और इंटर कॉलेजों तक ही सीमित नहीं होगी। इसका दायरा मध्यमा के साथ-साथ मदरसा बोर्ड की वस्तानियां, फौकानिया और मौलवी परीक्षाओं पर भी समान रूप से लागू होगा। इस कदम का मुख्य उद्देश्य फर्जी या दोहरे (डुप्लीकेट) रजिस्ट्रेशन पर पूरी तरह अंकुश लगाना तथा राज्य के शैक्षणिक आंकड़ों को अधिक सटीक व पारदर्शी बनाना है। इससे ड्रॉपआउट दर को नियंत्रित करने और शैक्षणिक नीतियां बनाने में भी मदद मिलेगी।

यू-डायस पोर्टल से अपने आप जनरेट होगा PEN

जैक के दिशानिर्देशों के अनुसार, जैसे ही केंद्र सरकार के यू-डायस (U-DISE) पोर्टल पर विद्यार्थियों का डेटा अपलोड किया जाएगा, उनका PEN नंबर स्वतः जनरेट हो जाएगा। जिन विद्यालयों के पास अभी तक वैध यू-डायस कोड उपलब्ध नहीं है, उन्हें तुरंत रांची स्थित झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक से संपर्क कर कोड प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

बिना कोड वाले शिक्षण संस्थानों के सामने खड़ी हुई चुनौती

जिन स्कूलों के पास अपना U-DISE कोड नहीं है, उनके लिए अपने विद्यार्थियों का परीक्षा फॉर्म भरवाना एक बड़ी प्रशासनिक चुनौती बन गया है। ऐसे कई संस्थान फॉर्म भरवाने के लिए मान्यता प्राप्त व कोड धारक नजदीकी विद्यालयों से संपर्क साध रहे हैं। हालांकि, परिषद ने साफ कर दिया है कि बिना वैध यू-डायस कोड और छात्र के PEN नंबर के फॉर्म की स्वीकृति संभव नहीं होगी।

पलामू जिले में प्रधानाध्यापकों से मांगी गई विस्तृत रिपोर्ट

इधर, पलामू के जिला शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने जिले के सभी उच्च एवं प्लस-टू विद्यालयों के प्राचार्यों से 2027 की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की स्थिति रिपोर्ट तलब की है। उनसे पूछा गया है कि कितने विद्यार्थियों का PEN जनरेट हो चुका है और कितने छात्रों का PEN बनना अभी शेष है। जिन छात्रों का PEN अभी तक नहीं बन सका है, उनके कारणों का भी ब्योरा मांगा गया है, ताकि समय रहते प्रक्रिया पूरी की जा सके।

Latest news

Related news