गांजा सेवन के आरोप में एयर इंडिया के पायलट पर बड़ा एक्शन, ड्रग टेस्ट में फेल होने पर नौकरी से निकाला

Air India pilot drug test नई दिल्ली: एयर इंडिया ने एक पायलट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया है. पायलट को ड्रग टेस्ट में साइकोएक्टिव पदार्थ के सेवन के लिए पॉजिटिव पाया गया था. इसके बाद एयरलाइन ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए उसकी सेवाएं समाप्त कर दीं.

जानकारी के मुताबिक, मामला फुकेत से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट A12379 से जुड़ा है. इस फ्लाइट के पायलट इन कमांड को ड्यूटी से जुड़े ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद एयर इंडिया ने नौकरी से बाहर कर दिया.

Air India pilot drug test:ओडिशा के ऊपर अचानक कम हुई थी विमान की ऊंचाई

यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि संबंधित फ्लाइट के दौरान ओडिशा के ऊपर विमान की ऊंचाई अचानक करीब 300 फीट तक कम हो गई थी. इस घटना के बाद विमान में सवार कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी.

घटना के बाद विमान संचालन और पायलट की भूमिका को लेकर जांच की गई. इसी दौरान पायलट के ड्रग टेस्ट में कैनाबिस यानी गांजा से जुड़े साइकोएक्टिव पदार्थ की मौजूदगी पाई गई.

ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव आया था पायलट

एयरलाइन के नियमों के तहत उड़ान से जुड़े कर्मचारियों के लिए नशीले और साइकोएक्टिव पदार्थों का सेवन गंभीर उल्लंघन माना जाता है. ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद एयर इंडिया ने संबंधित पायलट के खिलाफ कार्रवाई की और उसकी नौकरी समाप्त कर दी.

इस घटना ने विमानन सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उड़ान के दौरान पायलट की मानसिक और शारीरिक स्थिति यात्रियों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है. ऐसे में किसी पायलट का प्रतिबंधित साइकोएक्टिव पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाया जाना गंभीर मामला माना जाता है.

यात्रियों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

फ्लाइट की ऊंचाई में अचानक कमी आने और यात्रियों के घायल होने की घटना के बाद अब पायलट पर हुई कार्रवाई को विमानन सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है. एयरलाइन की ओर से ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद नौकरी से हटाने का फैसला यह संकेत देता है कि उड़ान सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जा रहा है.

 

Latest news

Related news