इंदौर: शहर के वल्लभनगर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में एक अधिकारी का जन्मदिन मनाना अब भारी पड़ता दिख रहा है। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वल्लभनगर जोन कार्यालय में पदस्थ सहायक यंत्री (AE) रविकांत मालवीय के जन्मदिन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हाथी पर सवारी और नोटों की गड्डियों जैसा केक
सहायक यंत्री रविकांत मालवीय का जन्मदिन बीते रविवार को मनाया गया था। वायरल वीडियो में अधिकारी को ढोल-नगाड़ों और समर्थकों के नाच-गाने के बीच बाकायदा हाथी पर बैठाकर कार्यालय लाया जाता दिखाई दे रहा है।
इतना ही नहीं, दफ्तर में जन्मदिन काटने के लिए जो केक मंगाया गया था, उसकी डिजाइन 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियों जैसी बनाई गई थी। नोटों के डिजाइन वाला केक काटने का यह वीडियो सामने आते ही लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
रविवार को सरकारी दफ्तर में जुटी भीड़ पर सवाल
आमतौर पर रविवार को सरकारी कार्यालय बंद रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद वल्लभनगर जोन कार्यालय परिसर में कर्मचारियों और बाहरी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ जमा हुई। सरकारी परिसर का इस तरह निजी और तड़क-भड़क वाले आयोजन के लिए इस्तेमाल किए जाने को लेकर अब विभागीय स्तर पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विभाग ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
मामले का वीडियो वायरल होते ही बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी हरकत में आ गए हैं। पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री वीके मालवीय ने इस आयोजन को अनुचित करार दिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी दफ्तर में इस प्रकार का आयोजन पूरी तरह से गलत है और कार्यालय की गरिमा के खिलाफ है। विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए सहायक यंत्री रविकांत मालवीय को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। विभागीय जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।

