मानसून फिर हुआ सक्रिय, 5 जिलों में भारी बारिश का खतरा, प्रशासन अलर्ट

भोपाल: मध्य प्रदेश में इन दिनों मूसलाधार बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अति भारी वर्षा के साथ आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण नर्मदा, बेतवा और केन जैसी प्रमुख नदियां उफान पर हैं, जिससे तटीय क्षेत्रों के शहरों और गांवों में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रीवा, सतना, पन्ना और जबलपुर समेत कई जिलों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं।

अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए आम जनता से बेहद जरूरी न होने पर यात्रा से बचने की अपील की है। जो लोग ऑफिस या आवश्यक कार्य से बाहर निकल रहे हैं, उन्हें सतर्कता बरतने और साथ में छाता या रेनकोट जरूर रखने की सलाह दी गई है।

पाँच जिलों के लिए जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के बैतूल, दमोह, टीकमगढ़, राजगढ़ और नरसिंहपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में अत्यंत तीव्र बारिश की संभावना जताई गई है, जहां 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक वर्षा दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका भी बनी हुई है।

इन जिलों में मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट

प्रदेश के सीधी, सिंगरौली, शहडोल, मंडला, जबलपुर, कटनी, पन्ना, छतरपुर, सागर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, हरदा, गुना, आगर-मालवा और शाजापुर जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

Latest news

Related news