सयाजी होटल में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला, एक साथ मिली वेज और नॉनवेज सामग्री

इंदौर: शहर के प्रसिद्ध सयाजी होटल (Sayaji Hotel) पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान होटल के किचन और स्टोरेज एरिया में खाद्य सामग्री के रखरखाव, तापमान नियंत्रण, लेबलिंग, साफ-सफाई और लाइसेंस से जुड़े कई गंभीर नियमों का उल्लंघन पाया गया। विभाग की टीम को निरीक्षण के दौरान लगभग 66 किलोग्राम गैर-पैक (Unpacked) नॉनवेज खाद्य सामग्री बिना किसी उचित लेबल के मिली। कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉनवेज सामग्री को एक साथ रखा गया था, जबकि सी-फूड, चिकन और मटन के भंडारण के लिए अलग से कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।

तापमान और लेबलिंग में भारी लापरवाही

जांच के दौरान खाद्य पदार्थों को निर्धारित और सुरक्षित तापमान पर रखने के इंतजाम पूरी तरह असंतोषजनक पाए गए। पैक्ड कुल्फी के पैकेटों पर निर्माण तिथि (Manufacturing Date), एक्सपायरी डेट और बैच नंबर का कोई उल्लेख नहीं था। इसके अलावा, होटल के मेन्यू में फ्रोजन डेजर्ट को 'आइसक्रीम' के नाम पर ग्राहकों को परोसा जा रहा था, जो कि खाद्य सुरक्षा मानकों का सरासर उल्लंघन है।

मूंगफली में फंगस और सड़ी सब्जियाँ

स्टोरेज एरिया की बारीकी से जाँच करने पर मूंगफली में फंगस लगा हुआ मिला। इसके अलावा, बड़ी मात्रा में सड़े हुए टमाटर और आलू भी पाए गए। कई खाद्य उत्पाद बिना किसी जरूरी लेबल के रखे गए थे, और कुछ टॉपिंग के टेट्रापैक लीक अवस्था में मिले, जिससे खाद्य सामग्री के दूषित होने का बड़ा खतरा था।

किचन में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी

होटल के किचन परिसर की स्थिति बेहद चौंकाने वाली थी, जहाँ निरीक्षण के दौरान कॉकरोच और चूहों की लीद (Droppings) पाई गई। यहाँ तक कि किचन में चूहे घूमते हुए भी दिखाई दिए। पैलेट के नीचे चूहों की मौजूदगी के स्पष्ट संकेत मिले और ड्राई स्टोरेज की दीवारों व फर्श पर दरारें पाई गईं। साथ ही, गीले और सूखे कचरे के वैज्ञानिक तरीके से निपटान के लिए कोई अलग से व्यवस्था नहीं थी।

लाइसेंस नियमों की अनदेखी

होटल के फूड लाइसेंस की जाँच करने पर उसमें भी गंभीर खामियाँ उजागर हुईं। लाइसेंस में नॉनवेज गतिविधि दर्ज नहीं थी, जबकि मौके पर बड़े पैमाने पर नॉनवेज खाद्य सामग्री का उपयोग किया जा रहा था। इसके अलावा, बेकरी और स्वीट्स का भी लाइसेंस में कोई उल्लेख नहीं होने के बावजूद होटल परिसर में इन-हाउस बेकरी और मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था।

खाद्य सामग्री के नमूने (Samples) किए गए जब्त

फाइव स्टार होटल द्वारा बरती जा रही इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए खाद्य विभाग की टीम ने सेंट्रल लाइसेंस को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। निरीक्षण के दौरान पनीर, कच्चे नॉनवेज, पैक्ड पनीर, सौंफ और ड्राई फ्रूट्स समेत कई संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जाँच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जाँच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Latest news

Related news