SSB जवान की मौत से मचा हड़कंप, मौके से मराठी भाषा में लिखा नोट बरामद

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सीएसडी कैंप डिपो में बुधवार तड़के एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहाँ ड्यूटी पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक जवान की पहचान महाराष्ट्र के रहने वाले 35 वर्षीय संदीप खरमटे के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर इस मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।

ड्यूटी के दौरान उठाया खौफनाक कदम

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच की है। जवान संदीप उस समय अपनी ड्यूटी पर तैनात था। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती पड़ताल के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान ही उसने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज और घटना की भनक लगते ही विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को इस अनहोनी की सूचना दी गई।

रात को पत्नी से हुई थी सामान्य बातचीत

मृतक जवान के परिजनों को बुधवार तड़के करीब चार बजे विभाग की ओर से इस हृदयविदारक घटना की जानकारी दी गई। जवान की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उनकी मंगलवार रात को करीब 10 बजे आखिरी बार बात हुई थी। उस दौरान संदीप ने सामान्य रूप से यही बताया था कि वे अभी अपनी ड्यूटी पर हैं। इसके बाद दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं हुआ था।

मराठी में लिखा सुसाइड नोट बरामद

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से मराठी भाषा में लिखा हुआ एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने नोट को फिलहाल भाषा के अनुवाद के लिए भेज दिया है। कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे के अनुसार, शुरुआती तौर पर सामने आया है कि उस नोट में जवान ने अपनी पत्नी से माफी मांगी है और कुछ निजी कारणों का हवाला देते हुए यह कदम उठाया है।

पुलिस कर रही है हर पहलू से जाँच

पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट का पूरी तरह से अनुवाद सामने आने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक के परिवार के सदस्यों, सहकर्मियों और विभागीय अधिकारियों से गहन पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से जुटाए गए सभी साक्ष्यों को भी जाँच प्रक्रिया में शामिल किया गया है।

Latest news

Related news