कल से WTC मिशन, श्रीलंका के खिलाफ इन 11 खिलाड़ियों पर होगा भरोसा!

गॉल: में 15 अगस्त से शुरू होने वाली भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। गॉल का मैदान अपनी स्पिन पिचों के लिए जाना जाता है, जहां हालिया समय में भारतीय बल्लेबाजों को लाल गेंद के क्रिकेट में काफी संघर्ष करना पड़ा है। घरेलू मैदानों पर न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ क्लीन स्वीप का सामना करने के बाद, भारतीय टीम के लिए यह चुनौती आसान नहीं होगी।

कोच गौतम गंभीर के लिए भी अहम सीरीज

यह सीरीज कोच गौतम गंभीर के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीमित ओवरों के क्रिकेट (चैंपियंस ट्रॉफी, एशिया कप और टी20 विश्व कप) में शानदार सफलता हासिल करने वाली भारतीय टीम का टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार ने भारत के डब्ल्यूटीसी फाइनल खेलने की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया था। भारत को यहां से इस चक्र में नौ टेस्ट खेलने हैं और लगभग सभी जीतने हैं, क्योंकि अब ड्रॉ से काम नहीं चलेगा। हालिया नाकामियों और कोचिंग स्टाफ में बदलाव के बाद टीम में नई ऊर्जा के संचार की सख्त जरूरत है।

गॉल में चुनौती नहीं आसान

गॉल में खोई प्रतिष्ठा वापस हासिल करना किसी भी मेहमान टीम के लिए आसान काम नहीं है। आंकड़े बताते हैं कि श्रीलंका ने 1998 से यहां खेले गए 49 टेस्ट में से 27 में जीत दर्ज की है। भले ही टीम में अब मुथैया मुरलीधरन और रंगना हेराथ जैसे दिग्गज नहीं हैं, लेकिन प्रभात जयसूर्या और रमेश मेंडिस जैसे गेंदबाज इस मैदान को अपना किला बनाए हुए हैं।

भारतीय बल्लेबाजों का हालिया रिकॉर्ड मिचेल सैंटनर और साइमन हार्मर जैसे स्पिनरों के खिलाफ कमजोर रहा है। हालांकि, मौजूदा टीम में उस भारतीय टीम की झलक दिखती है जो 2017 में पिछली बार टेस्ट सीरीज खेलने श्रीलंका आई थी। विराट कोहली की अगुआई वाली उस टीम ने उस दौरे पर 3-0 से सीरीज जीती थी जिसमें गॉल में मिली जीत भी शामिल थी।

वापसी का रास्ता देखना होगा

युवा कप्तान शुभमन गिल की अगुआई वाली इस टीम को भी ऐसी ही एक चिंगारी की जरूरत है जो शीर्ष पर वापसी के उसके सफर को गति दे सके। लेकिन इसके लिए भारत को स्पिन के इस जाल से निकलने के साथ-साथ कुछ खिलाड़ियों के खराब व्यक्तिगत दौर से बाहर निकलने की उम्मीद भी करनी होगी। खासकर ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के लिए यह अहम समय है।

जुरेल और सरफराज में किसे मौका?

इन दोनों का हालिया प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा है। मध्यक्रम के इन दोनों बल्लेबाजों के रन और श्रीलंकाई स्पिनरों के खिलाफ उनका प्रदर्शन इस टेस्ट में बेहद महत्वपूर्ण होगा। अभ्यास मैच में अच्छी बल्लेबाजी नहीं करने के बावजूद जुरेल को सरफराज खान पर तरजीह मिल सकती है। भारत को शीर्ष तीन बल्लेबाजों केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और देवदत्त पडिक्कल से भी बड़ी पारियों की उम्मीद होगी। साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद पडिक्कल ने नंबर-तीन पर अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। उन्होंने अभ्यास मैच में भी शतक जड़ा था। गॉल में अच्छी पारी खेल पडिक्कल के पास नंबर तीन पर अपनी दावेदारी मजबूत करने का सुनहरा मौका है।

तीन स्पिनर्स के साथ उतरेगी टीम इंडिया?

भारतीय गेंदबाजों के लिए भी श्रीलंकाई पिचों पर अपनी लय हासिल करना उतना ही महत्वपूर्ण होगा। मेहमान टीम के यहां बाएं हाथ के तीन स्पिनरों कुलदीप यादव, मानव सुथार और रवींद्र जडेजा के साथ उतरने की उम्मीद है। गेंदबाजी कोच मोर्ने मॉर्कल ने गुरुवार को इसके संकेत दिए थे। गॉल की पिच के मैच आगे बढ़ने के साथ स्वाभाविक टूट-फूट आने की संभावना है, ऐसे में गेंदबाजों के लिए सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करना महत्वपूर्ण होगा।

प्रसिद्ध या गुरनूर, किसे मिलेगा मौका?

स्पिनर गेंदबाजी का अधिकांश भार संभालेंगे, लेकिन मुख्य तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को अपने छोर को नियंत्रण में रखना होगा। हालांकि, गुरनूर बराड़ ने भी हाल फिलहाल में व्हाइट बॉल क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। रविचंद्रन अश्विन ने तो गुरनूर को प्रसिद्ध पर तरजीह दी, लेकिन प्रसिद्ध के अनुभव की वजह से उन्हें मौका मिल सकता है। कप्तान शुभमन गिल ने मैच के दिन इस पर फैसला लेने की बात कही है। श्रीलंका की टीम भी लंबे समय बाद लाल गेंद के क्रिकेट में वापसी करते हुए भारत को कड़ी चुनौती देने की पूरी कोशिश करेगी।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

  • भारत की संभावित प्लेइंग-11: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल/सारांश जैन/सरफराज खान, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा/गुरनूर बराड़।

  • श्रीलंका की संभावित प्लेइंग-11: लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चांदीमल, धनंजय डिसिल्वा (कप्तान), कामिंदु मेंडिस, पासिंदु सूरियाबंडारा, निरोशन डिकवेला, सोनल दिनूषा, रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, असिथा फर्नांडो।

दोनों स्क्वॉड इस प्रकार हैं

  • भारत: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी और सरफराज खान।

  • श्रीलंका: धनंजय डिसिल्वा (कप्तान), लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, कामिंदु मेंडिस, दिनेश चांदीमल, पासिंदु सूरियाबंडारा, सोनल दिनूषा, निरोशन डिकवेला, रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशारा नुवंथा, मिलन रत्नायके, असिथ फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, विश्व फर्नांडो और दिलशान मदुशंका।

Latest news

Related news