Delhi Bomb Threat नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा को लेकर बड़ी हलचल सामने आई है. दिल्ली हाई कोर्ट, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI), झंडेवालान की फ्लैटेड बिल्डिंग समेत दिल्ली की छह प्रमुख जगहों पर बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. धमकी के बाद सभी संबंधित स्थानों पर तलाशी और जांच अभियान शुरू कर दिया गया है.
हालांकि, शुरुआती जांच में अब तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है. सुरक्षा एजेंसियां धमकी को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही हैं.
Delhi Bomb Threat: दिल्ली की किन 6 जगहों को मिली बम की धमकी?
जानकारी के मुताबिक, धमकी की सूचना दिल्ली की इन जगहों से जुड़ी है—
- दिल्ली हाई कोर्ट
- जामनगर हाउस
- झंडेवालान की फ्लैटेड बिल्डिंग
- एमबी साकेत स्थित डीएम कार्यालय
- आईजीआई एयरपोर्ट का टर्मिनल-3
- दिल्ली कैंट स्थित एसडीएम कार्यालय
इन सभी स्थानों पर सुरक्षा टीमें पहुंचीं और तलाशी अभियान शुरू किया गया. बम निरोधक दस्तों के साथ दमकल की गाड़ियों को भी मौके पर भेजा गया है.
दिल्ली हाई कोर्ट को ई-मेल से मिली धमकी
दिल्ली हाई कोर्ट को बम की धमकी ई-मेल के जरिए मिलने की जानकारी है। इसके बाद हाई कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई और बम निरोधक दस्तों ने परिसर की तलाशी शुरू की।
धमकी के बाद हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और परिसर के संवेदनशील हिस्सों की जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट और सरकारी दफ्तरों में भी जांच
बम की धमकी की सूचना IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 से भी जुड़ी है। एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थान पर सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच और निगरानी बढ़ा दी है।
इसके अलावा जामनगर हाउस, झंडेवालान, साकेत स्थित डीएम कार्यालय और दिल्ली कैंट के एसडीएम कार्यालय में भी सुरक्षा टीमें जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी भी स्थान से संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
15 अगस्त से पहले दिल्ली में सुरक्षा कड़ी
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे. स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए राजधानी के संवेदनशील और रणनीतिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
सार्वजनिक स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है. आने-जाने वाले वाहनों और लोगों की अतिरिक्त जांच की जा रही है. बम की धमकी मिलने की घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं.
फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं
सुरक्षा एजेंसियों की ओर से की जा रही शुरुआती जांच में अभी तक किसी भी स्थान से संदिग्ध वस्तु बरामद होने की सूचना नहीं है। एजेंसियां धमकी के स्रोत और उसकी गंभीरता का पता लगाने में जुटी हैं।

