करनाल: जिले के बसताड़ा गांव के पास बुधवार रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। यहां अज्ञात बदमाशों ने एक युवक से 30 लाख रुपये की नकदी लूट ली। पीड़ित नरेंद्र कुमार अपने तीन साथियों के साथ कार में सवार होकर दिल्ली से करनाल की ओर आ रहे थे। बसताड़ा के पास पुल के नीचे जब वे किसी का इंतजार कर रहे थे, तभी बिना नंबर की एक काली स्कॉर्पियो में सवार होकर आए बदमाशों ने उनकी कार को चारों तरफ से घेर लिया।
पिस्टल तानकर की मारपीट और लूटपाट
पीड़ित के बयान के अनुसार, स्कॉर्पियो से 4 से 5 युवक नीचे उतरे और सीधे कार की डिग्गी के पास पहुंच गए। बदमाशों ने डिग्गी खुलवाकर रुपये से भरा बैग देने का दबाव बनाया। जब नरेंद्र ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर पिस्टल तान दी और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने पिस्टल की बट से नरेंद्र की आंख के ऊपर वार किया और डंडों से भी बुरी तरह पीटा। इसके बाद आरोपी रुपयों से भरा बैग लेकर अपनी गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
रजिस्ट्री के भुगतान के लिए लेकर जा रहे थे रकम
गांव माजरा रोडान निवासी नरेंद्र ने पुलिस को बताया कि वे यह रकम किसी जमीन की रजिस्ट्री के भुगतान के लिए साथ लेकर आए थे। वे बसताड़ा के पास संबंधित व्यक्ति का इंतजार कर रहे थे, तभी काली स्कॉर्पियो में आए बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। ऐसा प्रतीत होता है कि लुटेरों को पहले से ही इस नकदी की जानकारी थी, क्योंकि उनका पूरा ध्यान कार की डिग्गी में रखे बैग पर ही केंद्रित था।
घटनास्थल से मिला मैग्जीन और कारतूस
नरेंद्र के साथ कार में मौजूद उनके साथियों ने बताया कि बदमाशों द्वारा पिस्टल दिखाने के बाद वे डर गए और कार से बाहर नहीं निकल पाए। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक मैग्जीन और एक जिंदा राउंड बरामद हुआ है। हालांकि, वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल अभी पुलिस के हाथ नहीं लग पाई है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके और उनके भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने और लूटी गई राशि बरामद करने का भरोसा दिलाया है।

