सीएम योगी ने लिखा कांवडियों के नाम चिट्ठी, कांवड़ यात्रा को बताया समरसता का महापर्व

CM Yogi’s Kanwar Yatra लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और सनातन संस्कृति की जीवंत पाठशाला बताया है. कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम योगी ने श्रद्धालुओं के नाम एक विशेष ‘पाती’ लिखकर शिवभक्तों को यात्रा की पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया.

सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं को शिवभक्ति के एक सूत्र में जोड़ती है. भगवा वस्त्र, कंधे पर कांवड़ और हृदय में भोलेनाथ की भक्ति हर कांवड़िए की पहचान है. पैदल चलते श्रद्धालुओं के कदम भले ही अलग-अलग हों, लेकिन सभी का लक्ष्य एक ही है—भगवान शिव का जलाभिषेक.

CM Yogi’s Kanwar Yatra :सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण

मुख्यमंत्री ने अपनी ‘पाती’ में कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान जाति, वर्ग, भाषा और क्षेत्र के भेद गौण हो जाते हैं. हर शिवभक्त एक-दूसरे की सहायता और सेवा के लिए आगे आता है. यही भावना कांवड़ यात्रा को सनातन संस्कृति के समभाव और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण बनाती है.

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था की यात्रा नहीं है, बल्कि यह समाज को सेवा, सहयोग, अनुशासन और एकता का संदेश भी देती है। सीएम के मुताबिक, “तप से चरित्र दमकता है, सेवा से समाज संवरता है और एकता से राष्ट्र निखरता है.”

दिव्यांग शिवभक्तों का समर्पण प्रेरणादायक

सीएम योगी ने कांवड़ यात्रा में शामिल दिव्यांग शिवभक्तों के समर्पण की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि दिव्यांग शिवभक्तों की श्रद्धा और संकल्प देखकर मन श्रद्धा से भर उठता है. उनकी आस्था और कठिन परिस्थितियों में यात्रा पूरी करने का जज्बा समाज के लिए प्रेरणा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा भगवान शिव के लोकमंगल के संदेश को आगे बढ़ाती है. इसलिए इस यात्रा को सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा का उत्सव बनाने की जरूरत है.

कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सरकार तैयार

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह कृतसंकल्पित है. यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा समेत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.

कांवड़ियों के स्वागत के लिए यात्रा मार्गों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं. कई स्थानों पर शिवभक्तों के स्वागत में पुष्पवर्षा की व्यवस्था भी की जा रही है. इसके साथ ही यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा सतत निगरानी पर जोर दिया जा रहा है.

कांवड़ियों से सीएम योगी की खास अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान श्रद्धा के साथ अनुशासन और संयम बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि श्रद्धा, अनुशासन, संयम और सेवा ही कांवड़ यात्रा की आत्मा हैं.

सीएम ने शिवभक्तों से पर्यावरण-अनुकूल कांवड़ अपनाने और प्लास्टिक मुक्त जीवन का संकल्प लेने की भी अपील की. उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है.

मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों से यह भी अपील की कि यात्रा के दौरान एंबुलेंस और विद्यालय वाहनों को प्राथमिकता दें, ताकि मरीजों और विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो.

कांवड़ यात्रा को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश

सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल व्यक्तिगत आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है. उन्होंने शिवभक्तों से यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, दूसरों की सहायता करने और सार्वजनिक व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की.

मुख्यमंत्री का संदेश है कि कांवड़ यात्रा के माध्यम से भगवान शिव की भक्ति के साथ समरसता, सेवा, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र एकता की भावना को भी मजबूत किया जाए.

Latest news

Related news