होमगार्ड पर जानलेवा हमला कर 7 बाल अपचारी फरार, बाल सुधार गृह में मचा हड़कंप

रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में बिरियाखेड़ी स्थित शासकीय बाल सुधार गृह से शनिवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बंद 7 बाल अपचारी सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवान के साथ बेरहमी से मारपीट कर और मुख्य द्वार का ताला तोड़कर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 अपचारियों को पकड़ लिया है, जबकि एक की तलाश जारी है।

डंडे से हमला कर बिस्तर के नीचे से निकाली चाबी

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवान चैनल गेट के पास सोया हुआ था। तभी सातों बाल अपचारियों ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर हमला बोल दिया। एक अपचारी ने जवान पर डंडे से वार किया, जिसके बाद बाकी सभी उस पर टूट पड़े। हमला करने के बाद उन्होंने बिस्तर के नीचे रखी मेन शटर गेट की चाबी ढूंढी, ताला खोला और मुख्य द्वार से भाग निकले। इस हमले में होमगार्ड समेत दो लोग घायल हुए हैं।

तलाश में जुटी पुलिस: 15 किमी दूर से 6 धराए

घटना की सूचना मिलते ही रविवार सुबह रतलाम एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश पंद्रो और एसडीएम तरुण जैन मौके पर पहुंचे। पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर रतलाम से करीब 15 किलोमीटर दूर 6 बाल अपचारियों को दबोच लिया। फरार हुए सभी अपचारियों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है और वे मादक पदार्थों की तस्करी, दुष्कर्म, रंगदारी, हत्या तथा हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में निरुद्ध हैं।

घायल जवान की शिकायत पर FIR दर्ज

रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया कि गार्ड के साथ मारपीट कर भागे 7 अपचारियों में से 6 को हिरासत में ले लिया गया है और अंतिम फरार अपचारी की तलाश प्राथमिकता से की जा रही है। उन्होंने कहा कि घायल गार्ड की शिकायत पर मामला दर्ज किया जा रहा है और सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था तथा अपचारियों के आपराधिक रिकॉर्ड की गहनता से जांच की जा रही है।

Latest news

Related news