Air India Flight Turbulence : फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान में अचानक आए भीषण एयर टर्बुलेंस ने यात्रियों के बीच दहशत फैला दी. उड़ान के दौरान विमान के तेज़ी से हिचकोले खाने से कई यात्री घायल हो गए. किसी के सिर में गंभीर चोट आई तो किसी के कान और कंधे पर चोट लगी. विमान के दिल्ली स्थित IGI एयरपोर्ट पहुंचने के बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया.
#WATCH | Delhi: Several passengers injured after Air India flight encounters severe air turbulence while travelling from Phuket to Delhi pic.twitter.com/OM1lXKRKcm
— ANI (@ANI) August 4, 2026
Air India Flight Turbulence:अचानक हिचकोले खाने लगी फ्लाइट…हवा में उछले यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उड़ान सामान्य रूप से चल रही थी, तभी अचानक विमान तेज़ी से हिलने लगा. जिन यात्रियों ने सीट बेल्ट नहीं बांधी थी, वे अपनी सीटों से उछल गए. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो भी फ्लाइट के भीतर के भयावह हालात को दिखा रहे हैं, हालांकि इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
#WATCH | Delhi: A passenger says, “It had been an hour and a half since the flight. It was early morning. We were sleeping inside the flight. The flight suddenly stopped while moving and turned around…it kept moving like this for 2-3 minutes…15-20 passengers got injured…there… pic.twitter.com/S5SEDYUCqZ
— ANI (@ANI) August 4, 2026
यात्री ने सुनाई आपबीती
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में एक यात्री ने बताया कि उड़ान को करीब डेढ़ घंटा हो चुका था और अधिकांश यात्री सो रहे थे. अचानक विमान तेज़ झटकों के साथ ऊपर-नीचे होने लगा और यह स्थिति करीब दो से तीन मिनट तक बनी रही.
यात्री के मुताबिक, इस दौरान 15 से 20 लोग घायल हो गए. उन्होंने दावा किया कि कुछ यात्रियों के सिर फट गए, किसी के कान का पर्दा प्रभावित हुआ तो किसी के कंधे में गंभीर चोट आई. यात्री ने एयर इंडिया के खिलाफ कार्रवाई की भी बात कही.
DGCA ने क्या कहा?
घटना पर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने भी प्रतिक्रिया दी है. DGCA के अनुसार, एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली उड़ान के दौरान विमान की ऊंचाई अचानक लगभग 300 फुट तक कम हुई.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक दल (क्रू) का एक सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। DGCA ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है ताकि टर्बुलेंस की वजह और सभी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.
घायलों का फोर्टिस अस्पताल में इलाज
घायल यात्रियों को दिल्ली के वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल के अनुसार, शुरुआती चरण में सात यात्रियों को इमरजेंसी विभाग में भर्ती किया गया, जहां उनकी तत्काल जांच और उपचार शुरू किया गया.
अस्पताल ने बताया कि मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है. बेहतर समन्वय और संसाधनों के प्रबंधन के लिए अस्पताल में “कोड येलो” लागू किया गया है. जरूरत के अनुसार मरीजों की रेडियोलॉजिकल जांच कराई जा रही है और उन्हें आगे की निगरानी के लिए संबंधित वार्डों में शिफ्ट किया जा रहा है.
परिजनों की मदद के लिए विशेष टीम तैनात
फोर्टिस अस्पताल ने बताया कि एयर इंडिया की एक विशेष समन्वय टीम अस्पताल में मौजूद है. यह टीम डॉक्टरों और प्रशासन के साथ मिलकर मरीजों के इलाज, दस्तावेजी प्रक्रिया, लॉजिस्टिक्स और यात्रियों के परिजनों से संपर्क बनाए रखने में सहायता कर रही है.
जांच रिपोर्ट पर रहेगी नजर
फिलहाल इस घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक जांच जारी है. DGCA की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि टर्बुलेंस की तीव्रता, उड़ान संचालन और सुरक्षा प्रक्रियाओं से जुड़े कौन-कौन से पहलुओं की समीक्षा की जाएगी. वहीं एयर इंडिया की ओर से भी आगे की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है.

