य़ूपी चुनाव से पहले जिन्ना की एंट्री,सीएम योगी बोले-‘जिन्ना के उपासक बदल रहे थे डेमोग्राफी’…

Kairana Demography लखनऊ/शामली : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शामली, कैराना और थानाभवन विधानसभा क्षेत्रों में 581 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “जिन्ना के उपासक डेमोग्राफी बदल रहे थे, जिसके कारण कैराना और कांधला से पलायन हुआ.” उन्होंने लोगों से ऐसे तत्वों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि मौका मिलने पर वे समाज को क्षेत्र और जाति के नाम पर बांटने का काम करेंगे.

Kairana Demography:’10 साल पहले आतंक और भय का प्रतीक था शामली’..सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय शामली, कैराना और कांधला का नाम आतंक, भय और पलायन के लिए जाना जाता था, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब शामली अपने गन्ने की मिठास, बेहतर कानून व्यवस्था और तेजी से विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए पहचाना जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने जनपद की तस्वीर और तकदीर बदल दी है।

शामली बना एक्सप्रेसवे का ‘संगम’

सीएम योगी ने कहा कि शामली अब दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, शामली-अंबाला एक्सप्रेसवे और गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शामली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के सबसे समृद्ध जिलों में शामिल होगा. साथ ही 400 केवीए विद्युत स्टेशन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और आधुनिक बुनियादी ढांचे का भी उल्लेख किया.

चीनी उद्योग और किसानों को लेकर सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच प्रदेश में 29 चीनी मिलें बंद हुईं और 21 मिलें बेच दी गई थीं. उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद सरकार ने चीनी उद्योग को पुनर्जीवित किया और आज प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हो रही हैं. उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को समय पर भुगतान मिल रहा है और अब किसानों को 400 रुपये प्रति क्विंटल तक का मूल्य मिल रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश चीनी, गन्ना और एथेनॉल उत्पादन में देश में नंबर एक है.

कांवड़ यात्रा को लेकर दी सख्त चेतावनी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कुछ लोग यात्रा को बदनाम करने का प्रयास कर सकते हैं. उन्होंने कांवड़ संघों से कहा कि यदि कोई व्यक्ति यात्रा के बीच उपद्रव फैलाने की कोशिश करे तो उसे “कान पकड़कर बाहर कर दें.” उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी श्रद्धालुओं को पर्व की गरिमा बनाए रखनी चाहिए.

‘अब सुबह 4 बजे से काम करती है सरकार’

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले की सरकार दोपहर तक सोती थी, जबकि वर्तमान सरकार सुबह चार बजे से काम शुरू करती है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब माफिया और दंगाइयों के लिए कोई जगह नहीं है तथा कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है.

शामली में बनेगा प्रदेश का पहला निजी एकीकृत टेक्सटाइल पार्क

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शामली में प्रदेश का पहला एकीकृत निजी टेक्सटाइल प्रोजेक्ट स्थापित किया जाएगा, जिससे लगभग 8,000 युवाओं को रोजगार मिलेगा. उन्होंने कहा कि गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर और अन्य एक्सप्रेसवे परियोजनाएं जिले के औद्योगिक विकास को नई गति देंगी.

जनप्रतिनिधियों के कार्यों की सराहना

मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पूर्व मंत्री सुरेश राणा सहित कई नेताओं के योगदान की सराहना की. उन्होंने थाना भवन विधायक अरशद अली और शामली विधायक प्रसन्न चौधरी के स्वास्थ्य का भी उल्लेख किया तथा कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शामली तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है.

Latest news

Related news