Vietnam Boat Accident : वियतनाम से भारतीय पर्यटकों को लेकर एक दर्दनाक खबर सामने आई है. फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई. इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया. घटना के बाद भारतीय दूतावास ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी शुरू कर दी है और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं.
#WATCH | A tourist boat carrying several Indian nationals capsized near Phu Quoc Island, Vietnam.
Video Source: Voice of Vietnam (VOV) https://t.co/lF8oA6zwci pic.twitter.com/Ko9GUUuUKY
— ANI (@ANI) July 11, 2026
Vietnam Boat Accident:भारतीय दूतावास ने जताया दुख, स्थानीय प्रशासन के संपर्क में
वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इस हादसे पर गहरा दुख जताया. दूतावास ने बताया कि फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव के पलटने की सूचना मिली है. घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है. रेस्क्यू ऑपरेशन पर भी नजर रखी जा रही है.
कैसे हुआ हादसा?
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे ओशन पियर आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट पर्यटकों को होन थॉम रूट से एन थोई पोर्ट लेकर जा रही थी. यह क्षेत्र फु क्वोक एयरपोर्ट से लगभग 25 किलोमीटर दूर है.
यात्रा के दौरान स्पीडबोट अचानक संतुलन खो बैठी और समुद्र में पलट गई. नाव में सवार सभी लोग पानी में गिर गए. आसपास मौजूद अन्य पर्यटक नौकाएं तुरंत मदद के लिए पहुंचीं. बचाव दल में शामिल एक नाव के मालिक ने बताया कि उनकी टीम केवल पांच मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई थी, लेकिन कई लोग नाव के अंदर फंस गए थे, जिससे राहत कार्य में कठिनाई आई.
तेज लहरों ने बढ़ाई मुश्किल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय बारिश नहीं हो रही थी, लेकिन समुद्र में लहरें काफी तेज थीं. सूचना मिलते ही एन थोई बॉर्डर गार्ड ने दो जहाजों के साथ 35 अधिकारियों और जवानों को मौके पर भेजा. नौसेना, कोस्ट गार्ड और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया.
रेस्क्यू टीम ने नाव में सवार सभी 36 लोगों को समुद्र से बाहर निकाला. इनमें 21 लोगों की जान बचा ली गई, जबकि 15 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं.
भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
हादसे के बाद भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए दो कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं।
हो ची मिन्ह सिटी कंट्रोल रूम:
- +84 36 281 7930
- +84 91 552 37 14
- +84 33 452 0414
हनोई कंट्रोल रूम:
- +84 91 308 9165
दूतावास ने कहा है कि किसी भी जानकारी, सहायता या आपात स्थिति के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है. भारतीय अधिकारी स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हैं.

