Trump Threaten Iran : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंचता नजर आ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सीधी सैन्य चेतावनी देते हुए दावा किया है कि यदि उनकी हत्या या हत्या की किसी भी साजिश में ईरानी सरकार का हाथ पाया गया तो अमेरिका तत्काल जवाब देगा. ट्रंप के अनुसार, 1000 मिसाइलें पहले से ही ईरान की ओर निशाना साधे तैयार हैं.
1000 Missiles are Locked and Loaded and aimed at the Islamic Republic of Iran, with thousands of more to immediately follow, should the Iranian Government act on its threat, pronounced in many corners of the Globe, to assassinate, or attempt to assassinate, the sitting President… pic.twitter.com/yLEOjxQSPg
— Commentary Donald J. Trump Truth Social Posts On X (@TrumpTruthOnX) July 11, 2026
Trump Threaten Iran-जरूरत पड़ी तो ईरान का हर हिस्सा तबाह कर देंगे
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्रंप ने कहा कि यदि दुनिया के किसी भी हिस्से में उनकी हत्या या हत्या की कोशिश ईरानी सरकार की ओर से की गई तो अमेरिका तुरंत जवाबी कार्रवाई करेगा.
उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं. जरूरत पड़ने पर हजारों अतिरिक्त मिसाइलें भी तैनात की जा सकती हैं और अमेरिका के पास लंबे समय तक ईरान के किसी भी हिस्से पर सैन्य कार्रवाई करने की पूरी क्षमता है.
ईरान का पलटवार- अमेरिका पर बिल्कुल भरोसा नहीं
ट्रंप के बयान से पहले ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने भी अमेरिका को कड़ा संदेश दिया था.उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका पिछले महीने हुए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) से पीछे हटता है तो ईरान हर तरह की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है.
इंडोनेशिया की पीपुल्स कंसल्टेटिव असेंबली के स्पीकर अहमद मुजानी से मुलाकात के बाद गालिबाफ ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम पोस्ट में कहा कि उन्होंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से साफ शब्दों में कहा था कि ईरान को अमेरिका पर “जरा भी भरोसा नहीं” है.
‘युद्ध के लिए तैयार देश ही अमेरिका से बात कर सकता है’
गालिबाफ ने कहा कि अमेरिका के साथ वही देश प्रभावी बातचीत कर सकता है जो युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार हो. उन्होंने कहा कि ईरान ने अपनी रक्षा तैयारियां कभी नहीं रोकी हैं और यदि अमेरिका किसी समझौते से पीछे हटता है तो तेहरान पूरी ताकत से जवाब देगा.
ट्रंप ने कहा- सीजफायर अब खत्म
इससे पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक अन्य पोस्ट में कहा था कि ईरान ने अमेरिका से बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है और अमेरिका इसके लिए तैयार है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि दोनों देशों के बीच लागू सीजफायर अब समाप्त हो चुका है.
ट्रंप ने लिखा कि अमेरिका ने ईरान को साफ शब्दों में बता दिया है कि युद्धविराम अब प्रभावी नहीं है और आगे की बातचीत नई परिस्थितियों में होगी.
बढ़ सकता है पश्चिम एशिया में तनाव
ट्रंप की आक्रामक चेतावनी और ईरान की सख्त प्रतिक्रिया के बाद पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के तीखे बयानों ने क्षेत्रीय सुरक्षा और कूटनीतिक प्रयासों पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.

