DiDi Ki Goth Anniversary: रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी की गोठ’ की पहली वर्षगांठ उत्साह के साथ मनाई गई. इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘दीदी की गोठ’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की आवाज, उनके अनुभव और सफलता की कहानियों को पूरे प्रदेश तक पहुंचाने वाला प्रभावी मंच बन चुका है. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने महिलाओं को अपनी पहचान बनाने और दूसरों को प्रेरित करने का अवसर दिया है.
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। बिहान योजना के माध्यम से हजारों महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है।
कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से पहुंचीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे इस पहल ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया। महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां सुनाते हुए सरकार की योजनाओं से मिले लाभों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सशक्त महिलाएं ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए हर संभव सहयोग देती रहेगी।

