CM Yogi Saharanpur Visit (1 जुलाई): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सहारनपुर दौरा बच्चों के लिए यादगार बन गया. मुख्यमंत्री ऱाज्य में चल रहे स्कूल चलो अभियान के तहत बुधवार को सहाराणपुर पहुंचा और यहां आकर स्कूलों के छोटे बच्चों से मिले. सीएम योगी ने नौनिहालों को अपने हाथों से किताबें, कॉपियां, स्कूल बैग और स्टेशनरी किट वितरित की. उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से पूछा कि वे नियमित स्कूल आएंगे या नहीं, जिस पर बच्चों ने मुस्कुराते हुए स्कूल आने का वादा किया.
#WATCH | Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath interacted with children as he launched the second phase of the ‘School Chalo Abhiyan’ from Saharanpur pic.twitter.com/k2BhRObcH0
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 1, 2026
CM Yogi Saharanpur Visit:बच्चों के नवाचार की सराहना, प्रदर्शनी का किया अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनके नवाचारों की जानकारी ली. उन्होंने बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया. परिषदीय विद्यालयों की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की. मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें चॉकलेट भी भेंट की.
अपने हाथों से परोसा भोजन, बच्चों के साथ बिताए यादगार पल
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा. इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. भोजन शुरू करने से पहले बच्चों ने भोजन मंत्र का उच्चारण किया. मुख्यमंत्री को अपने लिए भोजन परोसते देखकर बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी.
क्लासरूम में पहुंचकर बच्चों से की बातचीत
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के बाद सीधे कक्षाओं में पहुंचे और बच्चों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की. उन्होंने एक-एक बच्चे का नाम पूछा, पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उनका उत्साह बढ़ाया. बच्चों ने भी सहजता और उत्साह के साथ मुख्यमंत्री के सवालों के जवाब दिए. मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों को चॉकलेट देकर उनका मनोबल बढ़ाया.
नन्हे-मुन्नों का कराया अन्नप्राशन
विपरीत मौसम को देखते हुए अन्नप्राशन कार्यक्रम कक्षाओं के भीतर आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री ने नन्हे बच्चों को चंदन का टीका लगाकर अपने हाथों से खीर खिलाई और उन्हें खिलौने भेंट किए. इस दौरान कई बच्चे मुख्यमंत्री की गोद में भी खेलते नजर आए, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी भावुक एवं आत्मीय हो गया.
5 बच्चों को मिली किताबें, बैग और स्टेशनरी किट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीकात्मक रूप से पांच विद्यार्थियों को किताबें, कॉपियां, स्कूल बैग और स्टेशनरी किट प्रदान की. इनमें पीएम श्री विद्यालय, मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय और विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल रहे.
5 सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का किया सम्मान
मुख्यमंत्री ने सहारनपुर जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की. सम्मानित शिक्षकों में इंदु बेस, कुलदीप अरोड़ा, अश्वनी कुमार शर्मा, राज सिंह और मोहिनी पाल शामिल रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों की प्रतिबद्धता ही प्रदेश के बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करेगी.
शिक्षा और संस्कार दोनों पर सरकार का जोर
कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह संदेश दिया कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास, संस्कार और बेहतर भविष्य के लिए लगातार कार्य कर रही है. बच्चों के साथ आत्मीय संवाद, भोजन परोसना और अन्नप्राशन जैसे कार्यक्रमों ने इस आयोजन को विशेष बना दिया.





