मुंबई में मुहर्रम के जुलूस में बड़ी साजिश नाकाम,चूहों मारने वाले जहर से भरे 14,000 से ज्यादा कैप्सूल जब्त

Mumbai Muharram Conspiracy :मुंबई के भायखला इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली और डराने वाली खबर सामने आई है. मुहर्रम के जुलूस के दौरान भीड़ को निशाना बनाने की एक बहुत बड़ी और खौफनाक साजिश को मुंबई पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया है. जुलूस में ‘पेनकिलर’ (दर्द निवारक) बताकर लोगों को जहरीले कैप्सूल बांट रहे एक संदिग्ध शख्स को पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से 14,000 से ज्यादा जहरीले कैप्सूल बरामद किए हैं.

Mumbai Muharram Conspiracy:व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने से खुला राज

मिली जानकारी के मुताबिक, भायखला में मुहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था, तभी एक व्यक्ति लोगों को मुफ्त में टैबलेट बांटता हुआ दिखाई दिया. उसने लोगों से दावा किया कि यह दर्द से राहत देने वाली पेनकिलर दवा है. लेकिन जैसे ही कुछ लोगों ने इसे खाया, उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. सुबह करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति को यह टैबलेट खाने के बाद तेज पेट दर्द और उल्टी (बेचैनी) की शिकायत हुई है.

सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मुहर्रम के जुलूस में घूम रहे उस संदिग्ध व्यक्ति को उठा लिया.

कैप्सूल में मिलाया था चूहों को मारने वाला जहर

डीसीपी (DCP) जयंत मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी की पहचान फैयाज प्रेमजी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पुणे का रहने वाला है और वहां पेंट का बिजनेस करता है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जो कबूल किया, उसने सुरक्षा एजेंसियों के भी होश उड़ा दिए.

आरोपी फैयाज ने खुलासा किया कि उसने मुहर्रम के जुलूस को टारगेट करने के लिए ये जहरीले कैप्सूल तैयार किए थे. उसने इसके लिए बाजार से 50 किलोग्राम जिंक फॉस्फाइड (Zinc Phosphide) ऑर्डर किया था, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर चूहों को मारने के लिए किया जाता है. वह अपने ठिकाने पर हर एक कैप्सूल के अंदर एक-एक ग्राम यह जहर भर रहा था.

30,000 कैप्सूल बांटने का था लक्ष्य, टली बड़ी त्रासदी

पुलिस के अनुसार, आरोपी बिना किसी परमिशन के इन कैप्सूलों को अवैध रूप से बांट और बेच रहा था. उसका लक्ष्य कुल 30,000 जहरीले कैप्सूल तैयार कर जुलूस में बांटने का था ताकि बड़े पैमाने पर लोगों को नुकसान पहुंचाया जा सके. हालांकि, इससे पहले कि वह अपनी इस खौफनाक साजिश में पूरी तरह कामयाब हो पाता, पुलिस ने उसे दबोच लिया. पुलिस ने उसके पास से 14,900 जहरीले कैप्सूल जब्त कर लिए हैं.

“पुलिस ने बहुत बड़ी त्रासदी को रोक दिया है। आरोपी फैयाज प्रेमजी की साजिश बड़े पैमाने पर लोगों को नुकसान पहुंचाने की थी। हम मामले की हर एंगल से जांच कर रहे हैं।”

जयंत मीणा, डीसीपी

विदेशी कनेक्शन की भी जांच कर रही पुलिस

पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में एक और संदिग्ध इनपुट मिला है. पुलिस ने बताया कि आरोपी फैयाज प्रेमजी साल 2025 में ईरान और इराक की यात्रा पर गया था. वह वहां क्यों गया था और उसके वहां जाने का असली उद्देश्य क्या था, पुलिस अब इसकी गहराई से तफ्तीश कर रही है.

फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरी साजिश के पीछे उसका असली मोटिव (मकसद) क्या था और क्या इस साजिश में उसके साथ कुछ और लोग भी शामिल हैं.

Latest news

Related news