CM Yogi Janta Darshan लखनऊ : मुख्यमंत्री योगीऐआदित्यनाथ ने सोमवार को सुबह सुबह जनता दर्शन कार्यक्रम रखा जिसमें प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं . लोगों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होने संबधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए. इस दौरान अतिक्रमण की शिकायत पर मुख्यमंत्री बेहद सख्त नजर आये और उन्होने इस मामले पर अधिकारियों से सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिये.

CM Yogi Janta Darshan : मथुरा के वृद्ध की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में मथुरा से आए एक वृद्ध ने चकरोड पर अतिक्रमण की शिकायत मुख्यमंत्री से की. उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. इस पर मुख्यमंत्री ने मथुरा के जिलाधिकारी को स्वयं मौके का निरीक्षण करने और अतिक्रमण पाए जाने पर उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.

नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
सीएम योगी ने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और विकास प्राधिकरण समेत सभी संबंधित संस्थाओं को अतिक्रमण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि और चकरोडों पर अवैध कब्जे रोकना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता से जुड़ी शिकायतें भी सुनीं
जनता दर्शन में शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता, राजस्व, बिजली और पुलिस से जुड़े कई प्रार्थना पत्र भी आए. मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार जनता की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने कहा, “किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है. सरकार हर परिस्थिति में प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों के साथ खड़ी है.”
गर्मी से बचाव की दी सलाह
भीषण गर्मी में जनता दर्शन में पहुंचे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का हालचाल जानने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि अत्यधिक जरूरत होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलें और खानपान का विशेष ध्यान रखें.

