अवैध खनन, गो तस्करी और भू-माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई रहे जारी-सीएम योगी का सख्त संदेश

CM Yogi’s Zero-Tolerance Policy झांसी :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अवैध खनन, गो तस्करी, भू-माफिया और शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

आयुक्त सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं की प्रगति, कानून-व्यवस्था, औद्योगिक विकास, कृषि, स्वास्थ्य और जनकल्याण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की.

CM Yogi’s Zero-Tolerance Policy: जनप्रतिनिधियों से संवाद बढ़ाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ने से योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आती है.

उन्होंने सुझाव दिया कि नए विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए, ताकि जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके.

‘जनसंवाद’ मॉडल पूरे उत्तर प्रदेश में लागू होगा

बैठक के दौरान जिलाधिकारी गौरांग राठी द्वारा शुरू की गई “जनसंवाद” पहल की मुख्यमंत्री ने सराहना की. उन्होंने इस मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू करने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सचिव के समक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस पहल की प्रस्तुति दी जाए, ताकि अन्य जिलों में भी इसे अपनाया जा सके. उन्होंने “न्यायालय आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत जनसंवाद के जरिए वादों की सुनवाई की व्यवस्था पर भी संतोष व्यक्त किया.

अवैध खनन पर सीसीटीवी निगरानी और सख्ती

मुख्यमंत्री योगी ने अवैध खनन को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जहां से अवैध खनन हो रहा है, वहीं उसे तत्काल रोका जाए. सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी बढ़ाने और ओवरलोडिंग के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित किया जाये.मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का ऐसा राज्य है जिसने व्यवस्थित खनन नीति लागू की है.

उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में अवैध खनन हुआ है, वहां समतलीकरण कर व्यापक वृक्षारोपण कराया जाए.

कुपोषित बच्चों के परिवारों को मिलेगी गाय

स्वास्थ्य और पोषण संबंधी योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कुपोषित बच्चों वाले परिवारों को पशुपालन विभाग की योजनाओं से जोड़ने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि गो-आश्रय स्थलों से ऐसे परिवारों को गाय उपलब्ध कराई जाए. परिवार दूध का उपयोग अपने बच्चों के पोषण के लिए कर सकेंगे और सरकार उन्हें 1500 रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान करेगी.

आयुष्मान योजना की भी हुई समीक्षा

मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों को किए जा रहे भुगतान की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया.

स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बनाया जाए उद्यमी

सीएम योगी ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए उन्हें उद्यमी बनाने पर बल दिया.उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार और लघु उद्योगों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए. साथ ही किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) द्वारा तैयार किए जा रहे मिलेट्स उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए.

बीडा परियोजना में पारदर्शिता और रोजगार पर जोर

बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए.

उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की भूमि अधिग्रहित की गई है, उन्हें उचित मुआवजा या आवास उपलब्ध कराया जाए. इसके साथ ही बीडा क्षेत्र में स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने पर भी जोर दिया, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें.

मुख्यमंत्री ने डेटा सेंटर सहित बड़े निवेशकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार भूमि आवंटित करने का सुझाव भी दिया.

युवाओं को गांव में ही मिले प्रशिक्षण और रोजगार

सीएम योगी ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र के युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए गांव स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएं. इससे क्षेत्र में स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार मिल सकेगा.

महिलाओं की सुरक्षा के लिए बढ़ेगी पेट्रोलिंग

कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पुलिस पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा आवश्यकता अनुसार पैदल गश्त भी बढ़ाई जाए. मुख्यमंत्री ने दोहराया कि जनपद में माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहनी चाहिए .

जल संरक्षण से बढ़ा भूजल स्तर

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने समीक्षा बैठक में बताया कि जनपद में जल संरक्षण के व्यापक प्रयासों से भूजल स्तर में लगभग तीन मीटर की वृद्धि दर्ज की गई है. अगले दो महीनों में विद्युत व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण सुधार देखने को मिलेगा. साथ ही जनपद की सभी गोशालाओं की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विकास भवन से की जा रही है.

तुलसी की खेती और किसानों को मिलेगा लाभ

जिलाधिकारी ने बुंदेलखंड औषधि फार्मर समिति के गठन और तुलसी की खेती के विस्तार की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी. उन्होंने बताया कि लगातार अधिक किसान औषधीय खेती से जुड़ रहे हैं, जिससे उनकी आय बढ़ाने में मदद मिल रही है.

जनप्रतिनिधियों ने भी रखे सुझाव

बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने झांसी में एम्स और आईआईटी के लिए भूमि उपलब्ध कराने का सुझाव दिया. विधायक राजीव सिंह ने भूमि अधिग्रहण मुआवजे से जुड़ी समस्याओं को उठाया.

विधायक डॉ. रश्मि आर्य, एमएलसी रमा निरंजन और डॉ. बाबूलाल तिवारी ने भी विभिन्न विकास संबंधी सुझाव दिए. वहीं मेयर बिहारी लाल आर्य ने डिफेंस कॉरिडोर और बीडा परियोजना को देखते हुए एयरपोर्ट विकास की मांग रखी.

विकास और कानून-व्यवस्था पर विशेष फोकस

झांसी समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया कि विकास और कानून-व्यवस्था दोनों प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं. माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई, जनसंवाद मॉडल का विस्तार, औद्योगिक निवेश को बढ़ावा और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख रणनीति का हिस्सा होगा.

Latest news

Related news