उन्नाव को मिली 570 करोड़ की परियोजनाएं,सीएम बोले-सपा के लिए केवल सैफई,लेकिन मेरे लिए 25 करोड़ जनता परिवार

CM Yogi in Unnao :  उत्तर प्रदेश में सरकार लगातार विकास योजनाओं को अमी जामा पहनाने में लगी हुई है. इसी  कड़ी में गुरुवार 18 जून को सीएम योगी ने उन्नाव में 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा के लिए केवल सैफई ही परिवार रहा, जबकि उनके लिए पूरा उत्तर प्रदेश घर और 25 करोड़ लोग परिवार हैं.

उन्नाव में डीह के भवानी खेड़ा चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया. उन्होंने बताया कि वीर शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृति में बने पुलिस ट्रेनिंग स्कूल की क्षमता भी बढ़ाई गई है .

CM Yogi in Unnao-“डबल इंजन सरकार ने बदली यूपी की तस्वीर”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र और 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने जितना विकास किया, उतना कांग्रेस और सपा की सरकारें नहीं कर सकीं. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारें गरीबों के बजाय परिवारवाद और सत्ता बचाने में लगी रहीं.

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को अपना परिवार माना है और उनकी सरकार भी जनता की समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है.

सपा पर माफियाराज को लेकर हमला

सीएम योगी ने कहा कि सपा शासन के दौरान प्रदेश में माफिया और गुंडाराज का बोलबाला था.  व्यापारियों का अपहरण, रंगदारी और अराजकता आम बात थी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा नेताओं को गरीबों की चिंता नहीं होती, लेकिन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई होने पर उनके आंसू निकल आते हैं.

उन्नाव को नहीं रहने देंगे पिछड़ा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव को अब विकास की मुख्यधारा से जोड़ दिया गया है. जिले की कनेक्टिविटी फोरलेन सड़कों, गंगा एक्सप्रेसवे और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से मजबूत हुई है। गंगा नदी पर अतिरिक्त पुल की मांग भी पूरी की जा चुकी है.

उन्होंने बताया कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और इंडस्ट्रियल क्लस्टर के लिए करीब 900 एकड़ भूमि तैयार की गई है. इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे.

उन्नाव बनेगा स्टेट कैपिटल रीजन का अहम हिस्सा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) में शामिल किया गया है. लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल चलाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, साथ ही क्षेत्र में रिंग रोड नेटवर्क विकसित होगा, जिससे लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी और रायबरेली के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा.

गरीब, किसान, महिला और युवा सरकार की प्राथमिकता

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं गरीब, किसान, महिला और युवा को केंद्र में रखकर बनाई जा रही हैं. उन्होंने दावा किया कि अब पात्र लोगों को बिना सिफारिश और बिना रिश्वत के आवास, राशन, गैस कनेक्शन, पेंशन और आयुष्मान जैसी सुविधाएं मिल रही हैं.

यूपी में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर का दावा

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के मामले में देश में सबसे आगे है. गंगा एक्सप्रेसवे को दुनिया के बेहतरीन मानकों के अनुरूप बनाया गया है.  सरकार अगले 100 वर्षों की विकास योजना को ध्यान में रखकर प्रदेश में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार कर रही है.

योगी ने विश्वास जताया कि मां गंगा के आशीर्वाद, युवाओं की ऊर्जा और किसानों की मेहनत के दम पर उन्नाव जल्द ही विकसित जिलों की श्रेणी में शामिल होगा.

Latest news

Related news