CM Yogi Review Meeting : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों और महत्वपूर्ण आयोजनों को मंगलवार (16 जून) को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में सीएम योगी ने छात्रों के हित में एक बड़ा फैसला लिया साथ ही आने वाले त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को कड़े निर्देश भी जारी किए हैं.
#WATCH | Lucknow: Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath held a review meeting regarding International Yoga Day, Muharram, NEET exam and law and order pic.twitter.com/QUJ4adSLsU
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) June 16, 2026
CM Yogi Review Meeting: NEET परीक्षार्थियों को बस में लगेगा आधा किराया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलान किया है कि 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में किराए में 50 प्रतिशत की भारी छूट मिलेगी. इसके लिए छात्रों को बस में अपना प्रवेश पत्र (Admit Card) दिखाना होगा.
छात्रों के रहने के लिए बनेंगे अस्थायी आवास
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश के 59 जनपदों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में लगभग साढ़े तीन लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूसरे जिलों से आने वाले जिन अभ्यर्थियों के पास ठहरने की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए आवश्यक अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. साथ ही परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं.
मोहर्रम पर सख्ती: नहीं होगी हथियारों के प्रदर्शन की अनुमति
आगामी मोहर्रम को लेकर मुख्यमंत्री ने कड़े तेवर अपनाए हैं. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मोहर्रम मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं. इसलिए मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए. शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी.
ताजियों की ऊंचाई पर निर्देश: दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सीएम योगी ने निर्देश दिए कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप 10 से 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए.
कानफोड़ू डीजे और नई परंपरा पर पूरी तरह रोक
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलूसों में कानफोड़ू डीजे, ढोल एवं ताशों के अनियंत्रित उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए. उन्होंने साफ कहा कि सभी की आस्था का सम्मान किया जाएगा लेकिन किसी भी स्थिति में किसी नई परंपरा की शुरुआत को स्वीकार नहीं किया जाएगा. सभी डीएम और एसपी को पहले से ही संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है.
‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर मनेगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि इस वर्ष यह दिवस ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम के साथ मनाया जा रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य कार्यक्रम का प्रदेशभर में सीधा प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
ग्राम पंचायत स्तर तक सामूहिक योगाभ्यास
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश की सभी 58 हजार ग्राम पंचायतों और 762 नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास को प्राथमिकता दी जाए. इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी और स्काउट गाइड की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
जनशिकायतों में लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन, जनता दर्शन और आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा भी की. कुछ जिलों में शिकायतों के निस्तारण की स्थिति संतोषजनक न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई. सीएम ने चेतावनी दी कि जिन जिलों की कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार नहीं हुआ, वहां के अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही उन्होंने खाली पड़े मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के पदों को अगले तीन दिनों में केवल मेरिट के आधार पर भरने के निर्देश दिए.

