Wednesday, July 1, 2026
Home Breaking News Rabri Devi: बिहार बीजेपी का बनियों से भर गया है मन, सम्राट...

Rabri Devi: बिहार बीजेपी का बनियों से भर गया है मन, सम्राट चौधरी को बीजेपी अध्यक्ष बनाने पर राबड़ी देवी ने कसा तंज

0
525
NIITSH SAMRAT CHOUDHARY
NIITSH SAMRAT CHOUDHARY

पटना :बिहार में गुरुवार को बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल को हटा कर सम्राट चौधरी को नया अध्यक्ष बनाया है. यानी बीजेपी ने नीतीश कुमार के मुकाबले के लिए उन्हीं की बिरादरी कुशवाहा के नेता सम्राट चौधरी को प्रदेश की कमान सौंप दी है. बीजेपी के इस फैसले को उसका बड़ा कदम माना जा रहा है. इससे पहले बीजेपी के अध्यक्ष बनिया समाज से आते थे. बेतिया के सांसद संजय जायसवाल बनिया थे लेकिन राजनीतिक उठा पटक और राज्य से सरकार जाने के बाद संजय जायसवाल को हटाकर अब बीजेपी ने सम्राट चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष पद सौंप दिया है.

नीतीश कुमार के मुकाबले के लिए सम्राट चौधरी का कद बढ़ा

जानकार बताते हैं कि प्रदेश में पार्टी का अध्यक्ष बदलकर बीजेपी ये संदेश देने की कोशिश करेगी कि नीतीश कुमार जिस समाज से आते हैं, सम्राट चौधरी भी उसी समाज से आते हैं. ऐसे में अगर कुशवाहा समाज का समर्थन सम्राट चौधरी को मिलता है तो उन्हें नीतीश कुमार के मुकाबले में खड़ा किया जा सकता है.

राबड़ी देवी ने बीजेपी के अध्यक्ष बदलने को बताया बेकार की कवायद

बीजेपी के इस कदम पर आरजेडी नेता और बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे बेकार की कवायद बताया है. राबड़ीदेवी ने जाति कार्ड खेले हुए कहा कि लगता है बिहार में बीजेपी का मन बनियों से भर गया है, इसलिए महतो (कुशवाहा) को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है. इससे कोई फायदा नहीं होने वाला है, जनता बताएगी. हालांकि इसके साथ ही राबड़ी देवी ने सम्राट चौधरी को प्रदेश बीजेपी का अध्यक्ष बनाये जाने पर बधाई भी दी.

दरअसल राबड़ी देवी ने बीजेपी की उस नब्ज पर हाथ रखा है जिसके मुताबिक माना जाता है कि आमतौर पर बनिया वर्ग बीजेपी का वोटर है. बिहार में भी एक बनिया नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के पीछे पार्टी की यही रणनीति रही होगी. लेकिन अब जब प्रदेश में कुशवाहा यानी पिछड़े समाज से आने वाले नेता को प्रदेश का अध्यक्ष बनाया गया है तो जाहिर है कि बनिया समाज का समर्थन भाजपा के पाले से खिसकेगा. राबड़ी देवी ने संजय जायसवाल को हटा कर सम्राट चौधरी को बीजेपी का अध्यक्ष बनाये जाने पर यही बताने की कोशिश की है.