Meta New Subscription : दुनियाभर में करोड़ों लोग रोजाना WhatsApp, Instagram और Facebook का इस्तेमाल करते हैं लेकिन अब इन प्लेटफॉर्म्स के यूजर्स को बड़ा बदलाव देखने के लिए मिल सकता है. Meta कथित तौर पर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए नए पेड सब्सक्रिप्शन मॉडल पर काम कर रही है, जिसके तहत कुछ एडवांस फीचर्स इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को हर महीने पैसे चुकाने पड़ सकते हैं.
हालांकि कंपनी बेसिक फीचर्स को फ्री रखने की तैयारी में है,लेकिन प्रीमियम सुविधाओं के लिए अलग से चार्ज लिया जा सकता है. इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा तेज हो गई है.
Meta New Subscription : Meta Plus के नाम से आ सकता है नया सब्सक्रिप्शन
रिपोर्ट्स के मुताबिक Meta “Meta Plus” नाम से नया प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च कर सकती है. इसके तहत Instagram Plus, Facebook Plus और WhatsApp Plus जैसे प्लान पेश किए जा सकते हैं.
बताया जा रहा है कि Instagram Plus और Facebook Plus की कीमत करीब 3.99 डॉलर प्रति महीना हो सकती है. जबकि WhatsApp Plus के लिए लगभग 2.99 डॉलर मासिक शुल्क लिया जा सकता है. भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 250 से 350 रुपये के बीच बैठ सकती है.
कंपनी का फोकस उन यूजर्स पर रहेगा जो सोशल मीडिया पर ज्यादा कंट्रोल, बेहतर कस्टमाइजेशन और एक्सक्लूसिव फीचर्स चाहते हैं.
Instagram और Facebook में मिल सकते हैं खास फीचर्स
Meta अपने प्रीमियम यूजर्स को कई ऐसे फीचर्स दे सकती है जो अभी सामान्य यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं हैं.
इनमें यह देखने का विकल्प शामिल हो सकता है कि आपकी स्टोरी कितनी बार दोबारा देखी गई. इसके अलावा लंबे समय तक स्टोरी लाइव रखने, अनलिमिटेड ऑडियंस लिस्ट बनाने और बिना पहचान बताए किसी की स्टोरी देखने जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं.
रिपोर्ट्स के अनुसार प्रोफाइल डिजाइन को ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए कस्टम थीम्स, एनिमेटेड रिएक्शंस और “वीकली स्पॉटलाइट बूस्ट” जैसे फीचर्स पर भी काम किया जा रहा है. इससे खास तौर पर कंटेंट क्रिएटर्स को ज्यादा रीच मिलने की संभावना जताई जा रही है.
WhatsApp Plus में बढ़ेगा पर्सनलाइजेशन
WhatsApp के प्रीमियम वर्जन में यूजर्स को पहले से ज्यादा कस्टमाइजेशन मिल सकता है. इसमें कस्टम थीम्स, प्रीमियम स्टिकर्स, अलग-अलग चैट्स के लिए यूनिक रिंगटोन और बेहतर चैट ऑर्गनाइजेशन जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं.
इसके अलावा पिन चैट्स की लिमिट बढ़ाने और चैट इंटरफेस को ज्यादा पर्सनलाइज्ड बनाने पर भी Meta काम कर रही है. यानी आने वाले समय में WhatsApp का अनुभव पहले से ज्यादा प्रीमियम और स्मार्ट हो सकता है.
आखिर Meta क्यों कर रहा है इतना बड़ा बदलाव?
दरअसल Meta अब Artificial Intelligence और बड़े डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स में भारी निवेश कर रही है. AI आधारित टेक्नोलॉजी, स्मार्ट टूल्स और नए डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते खर्च को देखते हुए कंपनी केवल विज्ञापनों से होने वाली कमाई पर निर्भर नहीं रहना चाहती.
इसी वजह से Meta अब सब्सक्रिप्शन मॉडल को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है. कंपनी का मकसद नए रेवेन्यू सोर्स तैयार करना है, ताकि AI और एडवांस टेक्नोलॉजी प्रोजेक्ट्स को लंबे समय तक सपोर्ट किया जा सके.
‘Meta One’ प्लान भी ला सकती है कंपनी
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि भविष्य में Meta “Meta One” नाम का एक ऑल-इन-वन प्रीमियम प्लान भी लॉन्च कर सकती है. इसमें AI टूल्स, कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एडवांस फीचर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए एक्सक्लूसिव सुविधाएं शामिल हो सकती हैं.
अगर ऐसा होता है तो आने वाले समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फ्री और पेड यूजर्स के बीच फीचर्स का बड़ा अंतर देखने को मिल सकता है.
फिलहाल कंपनी की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं
हालांकि अभी तक Meta की तरफ से इन सब्सक्रिप्शन प्लान्स को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन लगातार सामने आ रही रिपोर्ट्स ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि आने वाले समय में सोशल मीडिया का अनुभव पूरी तरह बदल सकता है.
ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यूजर्स Meta के इस संभावित पेड मॉडल को कितना पसंद करते हैं.

