वेंटिलेटर पर देश की परीक्षा प्रणाली! SSC GD परीक्षा में ऐतिहासिक कुप्रबंधन से मचा कोहराम, प्रयागराज से बिहार तक रणक्षेत्र बने परीक्षा सेंटर

 SSC GD Exam :  नई दिल्ली/प्रयागराज/मुजफ्फरपुर: देश में परीक्षाओं के आयोजन का ढांचा मानो पूरी तरह ढह चुका है. NEET और CBSE के बाद अब कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की कॉन्स्टेबल जीडी (GD) परीक्षा में प्रशासनिक लापरवाही और कुप्रबंधन का एक ऐसा डरावना मंजर सामने आया है, जिसने हजारों युवाओं के भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है. उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में परीक्षा केंद्र रणक्षेत्र में तब्दील हो गए, जहाँ नाराज अभ्यर्थियों ने न केवल कंप्यूटर और सर्वर तोड़े, बल्कि नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर अपना आक्रोश व्यक्त किया.

SSC GD Exam:650 कंप्यूटर और बुला लिए 1035 छात्र..

प्रयागराज के गंगापार अंदावा स्थित ‘सुनीता सिंह सीता सिंह महिला महाविद्यालय’ के आई-टेक जोन में सोमवार को जो हुआ, उसने पूरी चयन प्रक्रिया का मखौल उड़ा दिया. परीक्षा की जिम्मेदारी बेंगलुरु की प्राइवेट कंपनी ‘एडूक्विटी कैरियर टेक्नोलॉजिस प्राइवेट लिमिटेड’ के पास थी.

केंद्र की क्षमता मात्र 650 कंप्यूटरों की थी, लेकिन कंपनी की भारी चूक के कारण दूसरी पाली (Second Shift) में 505 के बजाय 1,035 अभ्यर्थियों को सेंटर अलॉट कर दिया गया. हद तो तब हो गई जब तीसरी पाली (Third Shift) में भी 495 की जगह 1,034 परीक्षार्थियों को बुला लिया गया. जब क्षमता से दोगुने छात्र पहुंचे और उन्हें बैठने की जगह नहीं मिली, तो सब्र का बांध टूट गया.

  • नुकसान की भरपाई मुश्किल: गुस्साए छात्रों ने दर्जनों कंप्यूटर, मॉनिटर, मुख्य सर्वर, एसी, सीसीटीवी और वाटर कूलर तक तोड़ दिए.

  • पुलिस कार्रवाई: स्थिति इतनी बिगड़ी कि पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. एक छात्र को लैपटॉप चोरी कर भागते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है.

जिम्मेदार अधिकारी भागे, हाईवे पर लगा घंटों जाम

हंगामा बढ़ते देख परीक्षा आयोजित करा रही प्राइवेट कंपनी की टीम केंद्र छोड़कर भाग खड़ी हुई. इससे अभ्यर्थियों का गुस्सा और भड़क गया. चित्रकूट, अयोध्या, मऊ और फतेहपुर जैसे दूर-दराज के जिलों से आए छात्रों ने जीटी रोड (NH) पर चक्काजाम कर दिया. घंटों की मशक्कत और भारी पुलिस बल (एसीपी और ट्रेनी आईपीएस के नेतृत्व में) की मौजूदगी के बाद छात्रों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया गया. एसएससी (मध्य क्षेत्र) ने अंततः नोटिस चस्पा कर परीक्षाएं स्थगित करने की जानकारी दी.

मुजफ्फरपुर: बिना आधिकारिक नोटिस के परीक्षा रद्द, छात्र असमंजस में

बिहार के मुजफ्फरपुर में भी स्थिति वैसी ही रही. बीबी कॉलेज परिसर स्थित परीक्षा केंद्र पर दूसरी और तीसरी शिफ्ट को अचानक रद्द कर दिया गया. छात्रों का आरोप है कि एसएससी की वेबसाइट पर कोई ऑफिशियल नोटिस नहीं था, बल्कि सीधे लाउडस्पीकर से परीक्षा रद्द होने का ऐलान किया गया. रात भर का सफर तय कर परीक्षा देने आए छात्रों ने सवाल किया कि अगर पहली शिफ्ट शांति से हो सकती है, तो अगली शिफ्ट के छात्रों के साथ ऐसा भेदभाव क्यों?

गोरखपुर: ‘सरकार ने परीक्षा को मजाक बना दिया’

गोरखपुर के सेंट एंड्रयूज कॉलेज में सीट मिसमैच और रोल नंबर की गलत टैगिंग के कारण भारी संख्या में छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया. छात्रों ने गेट पर ही जोरदार नारेबाजी की और मांग की कि प्रशासन की गलती की सजा छात्रों को न मिले. प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि, “ऐसा लगता है जैसे सरकार और आयोग ने युवाओं के करियर को एक मजाक समझ लिया है.”

नोट: एसएससी ने प्रभावित केंद्रों की परीक्षाएं रीशेड्यूल कर दी हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे नई तारीखों के लिए एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें.

Latest news

Related news