Vijay Meets the Governor चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में आखिरकार अब सस्पेंस खत्म होता नजर आ रहा है. ‘थलपति’ के नाम से मशहूर अभिनेता और टीवीके (TVK) प्रमुख विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है. पिछले कई दिनों से जारी राजनीतिक रस्साकशी के बाद विजय ने जादुई आंकड़ा पार कर लिया है और अब वे नई सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
#WATCH | Tamil Nadu: TVK chief Vijay leaves from his residence in Chennai. Sources say that Governor Rajendra Vishwanath Arlekar has given him time for a meeting at 6:30 PM today.
With the support of VCK, CPI, CPI(M), Congress and IUML, the path for TVK to form a government in… pic.twitter.com/wb8h7z2vGB
— ANI (@ANI) May 9, 2026
Vijay Meets the Governor : राज्यपाल ने दिया मुलाकात का समय
पिछले चार दिनों से बहुमत जुटाने की कवायद में लगे विजय के लिए आज की शाम बेहद महत्वपूर्ण है. पहले ऐसी खबरें आ रही थीं कि बहुमत का दावा पेश करने के बावजूद राज्यपाल की ओर से समय मिलने में देरी हो रही है. हालांकि, अब राजभवन से आधिकारिक पुष्टि हो गई है. राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को शाम 6:30 बजे मुलाकात के लिए बुलाया है, जहां वे औपचारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है .
बहुमत का जादुई आंकड़ा पार
तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत के आंकड़े को विजय ने सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है. टीवीके को वीसीके (VCK) और आईयूएमएल (IUML) ने बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया है. इसके अलावा, कांग्रेस और वामदलों ने भी विजय के नेतृत्व पर भरोसा जताया है. इन सभी दलों के साथ आने के बाद विजय के पास अब कुल 120 विधायकों का समर्थन है, जो बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से दो अधिक है.
सड़कों पर उमड़ा समर्थकों का सैलाब
जैसे ही यह खबर फैली कि विजय को बहुमत मिल गया है, पूरे तमिलनाडु में जश्न का माहौल बन गया. इससे पहले, राज्यपाल से मुलाकात का समय न मिलने के कारण टीवीके समर्थकों में खासा आक्रोश देखा गया था और वे भारी संख्या में सड़कों पर उतर आए थे. समर्थकों के बढ़ते विरोध और बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच अब प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है.
पिछले चार दिनों का सियासी ड्रामा
बता दें कि तमिलनाडु चुनाव परिणामों के बाद से ही जोड़-तोड़ की राजनीति जारी थी. विजय पिछले चार दिनों से लगातार अन्य दलों के साथ संपर्क में थे. कांग्रेस और वामदलों का समर्थन मिलना उनके लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. राजनीति के जानकारों का मानना है कि विजय का मुख्यमंत्री बनना राज्य की द्रविड़ राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत है.
शपथ ग्रहण की तैयारी तेज
राज्यपाल से मुलाकात के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 24 से 48 घंटों के भीतर शपथ ग्रहण समारोह की तारीख का ऐलान हो सकता है. चेन्नई के सिनेमाई और राजनीतिक गलियारों में अब केवल एक ही चर्चा है— ‘मुख्यमंत्री थलपति विजय’.

