Delhi Judge Suicide : नई दिल्ली – राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके ग्रीन पार्क से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहाँ शनिवार को एक 30 वर्षीय युवा जज ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो कड़कड़डूमा अदालत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव पद पर तैनात थे.
Delhi Judge Suicide:बाथरूम में मिला शव, इलाके में सनसनी
पुलिस के अनुसार, सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस को घटना के संबंध में एक पीसीआर कॉल मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत ग्रीन पार्क मेन स्थित यू-4ए, प्रथम तल पर पहुँची. पुलिस जब मौके पर पहुँची, तो जज अमन कुमार शर्मा का शव उनके घर के बाथरूम में फंदे से लटका हुआ मिला. पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
जीजा ने दी थी पुलिस को सूचना
इस दुखद घटना की जानकारी मृतक के जीजा शिवम ने पुलिस को दी, जो स्वयं डिफेंस कॉलोनी के निवासी हैं. पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, घटना स्थल पर किसी भी तरह की साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं. हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इस बारे में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रहे हैं.
शानदार करियर और अचानक मौत
अमन कुमार शर्मा एक मेधावी न्यायिक अधिकारी थे. उन्होंने साल 2018 में पुणे के प्रतिष्ठित सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई पूरी की थी. वह 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा (DJS) का हिस्सा बने थे.
अपने छोटे से कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण आपराधिक और दीवानी मामलों की सुनवाई की. अक्टूबर 2025 भविष्य से वो कड़कड़डूमा अदालत में उत्तर-पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में फुल-टाइम सचिव के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे.
जांच में जुटी दिल्ली पुलिस
जज अमन कुमार शर्मा की अचानक मौत ने उनके परिवार और दिल्ली के न्यायिक गलियारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. आत्महत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस अब उनके परिजनों, करीबी दोस्तों और सहकर्मियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह किसी मानसिक तनाव या निजी समस्या से जूझ रहे थे. फिलहाल, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक समय और कारणों का सटीक खुलासा हो सकेगा.

