Pakistani employees fired : संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से एक ऐसी खबर आई है जिसने पाकिस्तान की चिंताएं बढ़ा दी हैं. यूएई की प्रमुख एयरलाइन एतिहाद एयरवेज (Etihad Airways) ने अबू धाबी में कार्यरत 15 पाकिस्तानी कर्मचारियों को अचानक नौकरी से बर्खास्त कर दिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि इन्हें न केवल काम से हटाया गया, बल्कि महज 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का सख्त आदेश भी दे दिया गया है.
Pakistani employees fired: बिना नोटिस किया बाहर
आमतौर पर किसी भी अंतरराष्ट्रीय कंपनी में छंटनी से पहले नोटिस पीरियड या कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाता है, लेकिन इस मामले में नियमों को ताक पर रख दिया गया. सूत्रों के अनुसार, इन कर्मचारियों को कंपनी के HR विभाग ने नहीं, बल्कि सीधे इमिग्रेशन ऑफिस बुलाया गया था. वहां उन्हें बताया गया कि उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं और उन्हें अपनी बात रखने या सफाई देने का कोई मौका नहीं मिला.
20 साल की सर्विस भी नहीं आई काम
नौकरी से निकाले गए लोगों में जूनियर से लेकर सीनियर पदों पर तैनात कर्मचारी शामिल हैं. इनमें से एक कर्मचारी तो पिछले 20 वर्षों से एयरलाइन को अपनी सेवाएं दे रहा था. अचानक लिए गए इस फैसले से प्रभावित परिवारों में हड़कंप मच गया है. उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इतनी जल्दी अपना बोरिया-बिस्तर समेटकर वे कहां जाएंगे.
क्या राजनीति बन रही है वजह?
विशेषज्ञ इस कार्रवाई को सामान्य छंटनी के तौर पर नहीं देख रहे हैं. इमिग्रेशन अधिकारियों की सीधी भागीदारी इशारा कर रही है कि मामला व्यावसायिक से ज्यादा राजनीतिक है. बता दें कि हाल के दिनों में यूएई और पाकिस्तान के रिश्तों में भारी तनाव देखा गया है. यूएई ने पाकिस्तान को दिए गए 3 अरब डॉलर के कर्ज को भी वापस मांग लिया है, जिससे कंगाली की कगार पर खड़े पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
UAE का OPEC से बाहर होना: बदल रहे हैं वैश्विक समीकरण
पाकिस्तान के खिलाफ इस कड़े रुख के बीच यूएई ने एक और ऐतिहासिक फैसला लिया है. यूएई ने करीब 60 साल बाद तेल निर्यातक देशों के संगठन OPEC से बाहर होने का ऐलान किया है. इसे खाड़ी देशों की राजनीति और वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि यूएई अब अपनी स्वतंत्र विदेश और आर्थिक नीति को प्राथमिकता दे रहा है, जिसमें पाकिस्तान जैसे ‘पुराने सहयोगियों’ के लिए जगह कम होती दिख रही है.

