एग्जिट पोल के बाद ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं को किया ताकीद, काउंटिंग तक खुद करें अपने सेंटर की निगरानी

Mamta Banarjee Exit Poll कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के अंतिम चरण के मतदान के बाद एक बड़ी सर्वे एजेंसी के एग्जिट पोल ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है.अधिकांश एग्जिट पोल्स में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बहुमत मिलने के अनुमान के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. ममता बनर्जी ने इन आंकड़ों को सिरे से खारिज करते हुए इसे बीजेपी की एक सोची-समझी साजिश करार दिया है.

Exit Poll पर ममता दीदी का दावा- 230 सीटों के साथ बनाएंगे सरकार

गुरुवार  शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक वीडियो जारी कर ममता बनर्जी ने टीएमसी की प्रचंड जीत का दावा किया. उन्होंने कैप्शन में लिखा, “230 सीटों पर टीएमसी की बढ़त होगी. हम मातृभूमि और जनमानस(मां -माटी- मानुष) की सरकार बनाने जा रहे हैं. जय बंगला!” ममता ने वीडियो में कहा कि टीवी पर जो दिखाया जा रहा है, वह असल में बीजेपी दफ्तर से जारी किया गया नैरेटिव है जिसे पैसे के दम पर फैलाया जा रहा है.

बीजेपी पर लगाया एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “भारत सरकार की पूरी मशीनरी—प्रधानमंत्री से लेकर 19 राज्यों के बीजेपी नेताओं तक ने पैसे, ताकत और हथियारों के सहारे बंगाल को दबाने की कोशिश की.” उन्होंने आरोप लगाया कि ED, CBI और इनकम टैक्स जैसी केंद्रीय एजेंसियों का डर दिखाकर कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया, लेकिन जनता ने इसका जवाब वोट बॉक्स में दे दिया है.

कार्यकर्ताओं को दी ‘रात भर पहरा’ देने की सलाह

एग्जिट पोल के नतीजों से बेफिक्र दिखते हुए ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों को काउंटिंग के दिन (4 मई) तक बेहद सतर्क रहने की हिदायत दी है. उन्होंने कहा:

  • 294 सीटों पर उम्मीदवार खुद निगरानी रखें.

  • दिन में कार्यकर्ता और रात में उम्मीदवार खुद EVM के बाहर पहरा दें.

  • EVM मशीनों को स्टोर से काउंटिंग हॉल तक ले जाते समय विशेष सावधानी बरतें.

  • कंप्यूटर पर डेटा अपलोड होते समय भी पूरी नजर रखें.

‘दो रातों से सोई नहीं हूं’ – ममता का भावुक संदेश

मुख्यमंत्री ने बंगाल में हुई हिंसा और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर दुख जताते हुए कहा, “मैं दो रातों से सोई नहीं हूं. हमारे कार्यकर्ताओं और पत्रकारों पर हमले हुए, महिलाओं और बच्चों तक को नहीं छोड़ा गया.” उन्होंने उदयनारायणपुर में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि यह सब कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने के लिए किया जा रहा है.

क्या कहते हैं एग्जिट पोल के आंकड़े?

बता दें कि बुधवार (29 अप्रैल) को आए विभिन्न एग्जिट पोल्स में कांटे की टक्कर दिखाई गई है:

   टुडेज चाणक्या : बीजेपी+ – 192 (+ – 11 सीट) टीएमसी – 100 ( +- 11 सीट)

  • पोल डायरी: बीजेपी (142-171), टीएमसी (99-127)

  • मैट्रिज: बीजेपी (146-161), टीएमसी (125-140)

  • पीपुल्स पल्स: टीएमसी (177-187), बीजेपी (95-110)

  • जनमत पोल्स: टीएमसी (195-205), बीजेपी (80-90)

जहाँ अधिकांश सर्वे बीजेपी को सत्ता के करीब दिखा रहे हैं, वहीं नये सर्वे ने हलचल पैदाी कर दी है. ममता बनर्जी का कहन है कि उन्हें  अपनी ‘मां माटी मानुष’ के जनादेश पर पूरा भरोसा है. अब सबकी नजरें 4 मई को आने वाले वास्तविक चुनाव परिणामों पर टिकी हैं.

Latest news

Related news