NCR में कुदरत का करिश्मा: गाजियाबाद के बाद दिल्ली में गिरे ओले, नोएडा-गुरुग्राम में झमाझम बारिश से बदला मौसम

नई दिल्ली/नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में आज दोपहर मौसम ने ऐसी करवट ली कि चिलचिलाती गर्मी का नामोनिशान मिट गया। आसमान में छाए घने काले बादलों की वजह से दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला, जिससे सड़कों पर विजिबिलिटी (दृश्यता) घटकर शून्य के करीब पहुँच गई। धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हुई इस हलचल ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया है।

दिन में छाया अंधेरा, सड़कों पर थमी रफ्तार

गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद सहित पूरे एनसीआर में दोपहर होते-होते आसमान पूरी तरह काला हो गया। तेज धूल भरी हवाओं के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलानी पड़ी और विजिबिलिटी कम होने से नेशनल हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। भीषण गर्मी झेल रहे लोगों के लिए तापमान में आई यह अचानक गिरावट राहत लेकर आई है, लेकिन धूल भरी आंधी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।

नोएडा और दिलशाद गार्डन में जमकर बरसे ओले

मौसम का सबसे उग्र रूप नोएडा और पूर्वी दिल्ली के इलाकों (शाहदरा, दिलशाद गार्डन और विवेक विहार) में देखने को मिला, जहाँ तेज बारिश के साथ जमकर ओले गिरे। ओलों की बौछार और बिजली की भीषण गड़गड़ाहत ने मानसून की याद दिला दी। आईएमडी (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 2 घंटों तक 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलना जारी रह सकती हैं, जो विशेष रूप से कच्चे निर्माणों और पेड़ों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती हैं।

अगले 120 मिनट के लिए सावधानी की सलाह

मौसम विभाग ने दक्षिण और मध्य दिल्ली के इलाकों जैसे आईटीओ, इंडिया गेट, अक्षरधाम और लाजपत नगर के लिए अगले दो घंटों का अलर्ट जारी किया है। यहाँ मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक की प्रबल संभावना है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे जलभराव और खराब विजिबिलिटी के कारण गैर-जरूरी यात्रा से बचें और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।

अप्रैल की गर्मी पर बारिश का 'ब्रेक'

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अप्रैल का महीना पिछले साल की तुलना में कम गर्म रहा है। हालाँकि 16 अप्रैल को पारा 40 डिग्री के पार गया था, लेकिन महीने की शुरुआत में हुई 4 दिनों की बारिश और अब महीने के अंत में ओलावृष्टि के इस दौर ने भीषण लू (Heatwave) की स्थिति को बनने से रोक दिया है।

 

Latest news

Related news