महाराजगंज : प्रशांत किशोर ने महाराजगंज में पत्रकारों से बात करते हुए नीतीश कुमार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की उम्र हो गई है और आपको पता होना चाहिए कि जिन 17 सालों मे नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहे है उन सालों में वो 15 साल भाजपा के सहारे मुख्यमंत्री रहे हैं.
नीतीश कुमार का राजनीतिक भविष्य खतम
उम्र के इस पड़ाव में जब आप राजनैतिक और सामाजिक तौर पर अकेले पड़ जाएं, आपके साथ कोई न हो, आपको अपना राजनैतिक भविष्य दिख नहीं रहा, पार्टी खत्म हो गई और जिनके साथ आपने गठबंधन किया है उन लोगों पर आपका खुद का भरोसा नहीं है.
कुर्सी बचाने के लिए गठबंधन
उन्होंने कहा कि मैं नीतीश कुमार को जितना जानता हूं उनका आरजेडी, लालू और तेजस्वी के साथ कभी सामंजस्य बैठ ही नहीं सकता है. उन्होंने अपनी कुर्सी और अपने पद को बचाने के लिए ये समझौता किया है. उन्होंने ऐसा इसलिए नहीं किया है कि उनका आरजेडी और लालू से प्रेम है, बल्कि उन्होंने ऐसा इसलिए किया है क्योंकि ये नीतीश कुमार की राजनीतिक हिसाब किताब की समझ है कि यदि अगले चुनाव में भाजपा को बढ़त मिलती है तो सबसे पहले नीतीश जी की कुर्सी जाएगी और उस कुर्सी को बचाने के लिए उन्होंने ऐसा किया है.

