पीएम मोदी को ‘आतंकवादी’ कह फंसे खरगे, भाजपा ने खोला मोर्चा

Kharge’s controversial statement :  देश के कई राज्यों में इस समय चुनावी बयार बह रही है और इस बयार में नेताओं की जुबान भी लहर खाती दिखाई दे रही है. कहीं राजनेता स्वतंत्रता सैनानियों के नाम भूल जाते हैं तो कहीं राजनेताओं की जुबान से ऐसे कड़वे बोल निकल जाते हैं, जो राजनेताओ की गरिमा को तार तार करने के लिए काफी हैं. ऐसा ही एक मामला मंगलवार को तमिलनाडु से आया जिसने कांग्रेस और भाजपा के बीच चुनावी माहौल के गर्मा दिया है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक ऐसा बयान दे दिया है जिससे खलबली मच गई है. चेन्नई में एक  प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खरगे ने पीएम मोदी के लिए ‘आतंकवादी’ शब्द का इस्तेमाल कर दिया जिसके बाद बीजेपी हमलावर है.

Kharge’s controversial statement:गठबंधन की आलोचना में निकले विवादित शब्द

 प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे चेन्नई में AIADMK और भारतीय जनता पार्टी के संभावित जुड़ाव की आलोचना कर रहे थे. उन्होंने सवाल उठाया कि अन्नादुरई के आदर्शों पर चलने वाली पार्टी भाजपा के साथ कैसे जा सकती है. इसी दौरान उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि वे (पीएम मोदी) एक आतंकवादी हैं और उनकी पार्टी समानता या न्याय में विश्वास नहीं रखती. खरगे ने AIADMK पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी अब बीजेपी की ‘मूक-गुलाम’ बन गई है और तमिलनाडु के हितों की रक्षा करने में असमर्थ है.

विवाद बढ़ा तो दी खऱगे ने दी सफाई

बयान पर बवाल बढ़ता देख कांग्रेस अध्यक्ष ने तुरंत इस पर स्पष्टीकरण भी दिया. उन्होंने अपनी बात को संभालते हुए कहा कि उनके कहने का तात्पर्य यह था कि पीएम मोदी केंद्रीय जांच एजेंसियों जैसे ED, IT और CBI के जरिए राजनीतिक दलों और आम लोगों को डरा रहे हैं. उन्होंने साफ किया कि उनका मतलब व्यक्तिगत तौर पर आतंकवादी कहना नहीं था, बल्कि वह मोदी सरकार की कार्यशैली और ‘धमकाने’ की राजनीति पर प्रहार कर रहे थे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार डिलिमिटेशन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को भी अपने नियंत्रण में लेना चाहती है.

भाजपा का तीखा पलटवार: ‘नफरत की दुकान’

भाजपा ने खरगे के इस बयान को प्रधानमंत्री का अपमान करार देते हुए कड़ी निंदा की है. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मोर्चा संभालते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए आतंकी और नक्सली तो निर्दोष हो जाते हैं, लेकिन जनता द्वारा चुने गए एक ओबीसी प्रधानमंत्री को वे आतंकवादी कह रहे हैं. पूनावाला ने दावा किया कि कांग्रेस अब तक प्रधानमंत्री मोदी को 175 बार अलग-अलग तरह की गालियां दे चुकी है.

लोकतंत्र और संवैधानिक गरिमा पर सवाल

भाजपा ने इस बयान को कांग्रेस की ‘संविधान विरोधी’ मानसिकता का परिचायक बताया है. शहजाद पूनावाला ने अपने बयान में कहा कि यह ‘नफरत की दुकान’ है जो जिहाद को क्लीन चिट देती है और देश के संवैधानिक प्रमुख को अपमानित करती है. भाजपा ने मांग की है कि कांग्रेस अध्यक्ष को इस अभद्र टिप्पणी के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए. फिलहाल, इस बयान के बाद दक्षिण से लेकर उत्तर भारत तक की राजनीति में उबाल देखा जा रहा है.

Latest news

Related news