गोवा की साध्वी के सिर सजा ‘फेमिना मिस इंडिया 2026’ का ताज, भुवनेश्वर में सितारों भरी रात ने रचा इतिहास!

Femina Miss India 2026 : ओडिशा में ग्लैमर शाम:साध्वी सैल बनीं नई मिस इंडिया वर्ल्ड

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित केआईआईटी (KIIT) परिसर शुक्रवार की रात सितारों की चमक से सराबोर रहा. टाइम्स ग्रुप द्वारा आयोजित 61वें फेमिना मिस इंडिया के भव्य ग्रैंड फिनाले में गोवा की साध्वी सैल ने ‘फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2026’ का खिताब अपने नाम कर लिया है. अब साध्वी विश्व स्तर पर मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.

ये रहीं मिस इंडिया 2026 की रनर-अप्स

प्रतियोगिता के कड़े मुकाबले में महाराष्ट्र की राजनंदनी पवार को फेमिना मिस इंडिया 2026 की फर्स्ट रनर-अप घोषित किया गया. वहीं, जम्मू-कश्मीर की श्री अद्वैता ने सेकंड रनर-अप का खिताब जीतकर अपने राज्य का मान बढ़ाया. इन विजेताओं के चयन के साथ ही महीनों से चल रहा इंतजार एक यादगार उत्सव के साथ समाप्त हुआ.

विनीत जैन ने बताया सशक्तिकरण का महत्व

टाइम्स ग्रुप के प्रबंध निदेशक विनीत जैन ने दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले छह दशकों से फेमिना मिस इंडिया भारतीय महिलाओं को उनकी वास्तविक क्षमता हासिल करने के लिए सशक्त बना रहा है. उन्होंने भुवनेश्वर में इस आयोजन को विशेष बताते हुए कहा कि केआईआईटी और केआईएसएस जैसे संस्थान शिक्षा और अवसर की शक्ति का प्रतीक हैं, जो महिलाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करते हैं.

इशान खट्टर और जुबिन नौटियाल ने बांधा समां

यह शाम न केवल फैशन बल्कि मनोरंजन का भी शानदार मेल रही. अभिनेता इशान खट्टर ने अपनी धमाकेदार परफॉर्मेंस से मंच पर आग लगा दी, जिसे देखकर दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए. मशहूर गायक जुबिन नौटियाल ने अपनी सुरीली आवाज़ से महफ़िल में चार चांद लगाए, जबकि लॉरेन गॉटलिब के ऊर्जावान डांस एक्ट ने कार्यक्रम को और भी रोमांचक बना दिया.

भारतीय हथकरघा को मिला वैश्विक मंच

शो की शुरुआत में ‘विश्व सूत्र: वीव्स ऑफ इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ के तहत 30 राज्यों की सुंदरियों ने भारत की समृद्ध हथकरघा विरासत को प्रदर्शित किया. वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से डिज़ाइनर वैशाली एस द्वारा तैयार किए गए इन परिधानों में पारंपरिक बुनाई को आधुनिक वैश्विक लुक के साथ पेश किया गया, जिसने भारतीय कला को एक नई पहचान दी.

दिग्गज जजों ने परखा प्रतिभागियों का हुनर

विजेताओं का चयन करने के लिए जूरी पैनल में फिल्म और फैशन जगत की बड़ी हस्तियां शामिल थीं. अनुभवी अभिनेत्री जीनत अमान, मधुर भंडारकर, टेरेंस लुईस, नेहा धूपिया, सेलिना जेटली, सिमरन, संगीतकार अमाल मलिक, ओलंपियन दुती चंद और वर्तिका सिंह ने मिलकर प्रतिभा और आत्मविश्वास को परखा.

समाज सेवा के लिए जुटे लाखों रुपये

ग्लैमर के साथ-साथ यह मंच सामाजिक सरोकार का भी गवाह बना. ‘ब्यूटी विद अ परपज’ पहल के तहत केटो (Ketto) के सहयोग से बच्चों की चिकित्सा और शिक्षा के लिए 66 लाख रुपये से अधिक की राशि जुटाई गई. गुजरात की परीनाज कूपर ने व्यक्तिगत रूप से सबसे अधिक योगदान देकर ‘टाइम्स मिस ब्यूटी विद अ परपज’ का खिताब जीता.

Latest news

Related news