अमरावती में अयान तनवीर के घर चला बुलडोजर,180 लड़कियों के अश्लील वीडियो बनाने का आरोप

Amravati Video Scandal:महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा में सामने आए चर्चित वीडियो कांड ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है. इस मामले के मुख्य आरोपी अयान तनवीर के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. जिला प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अयान तनवीर के घर पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पीड़िता परिवारों ने न्याय की उम्मीद जताई है.

Amravati Video Scandal:आरोपों के आधार पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

परतवाड़ा वीडियो कांड की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पहले से ही सख्त नजर आ रहा था. नगर पालिका की टीम ने सबसे पहले अयान तनवीर के घर पर नोटिस चस्पा किया था. नोटिस की अवधि खत्म होते ही जेसीबी मशीनें मौके पर पहुंच गईं. हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसे अवैध निर्माण के खिलाफ एक नियमित प्रक्रिया बताया जा रहा है, लेकिन जिस तेजी से यह कार्रवाई हुई, उसने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि इस ये कार्रवाई  जघन्य अपराध के खिलाफ ही किया गया है. कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था.

180 लड़कियां और 350 आपत्तिजनक वीडियो का जाल

यह मामला शुरू में केवल कुछ वीडियो क्लिप्स के वायरल होने तक सीमित लग रहा था लेकिन पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, परतें खुलती गईं. जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अयान तनवीर ने कथित तौर पर लगभग 180 लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाया था. आरोपी ने न केवल लड़कियों का शोषण किया, बल्कि उनके करीब 350 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो भी बनाए. इन वीडियो को बाद में सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर वायरल कर दिया गया, जिससे हड़कंप मच गया.

दूसरा आरोपी उजेर खान गिरफ्तार, खुला कई राज

इस पूरे सिंडिकेट की जांच कर रही पुलिस ने अब दूसरी बड़ी गिरफ्तारी की है. पुलिस ने उजेर खान इकबाल खान को हिरासत में लिया है. उजेर पर आरोप है कि उसने मुख्य आरोपी अयान के मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो डाउनलोड किए और उन्हें इंटरनेट पर फैलाया. उजेर खान से की जा रही पूछताछ में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस नेटवर्क के पीछे कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा था और क्या इन वीडियो का इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग के लिए भी किया गया.

डिलीट डेटा की रिकवरी में जुटी साइबर सेल

मुख्य आरोपी अयान तनवीर फिलहाल पुलिस कस्टडी में है. पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं. जांच में पता चला है कि गिरफ्तारी के डर से आरोपी ने अपने फोन से काफी डेटा डिलीट कर दिया था. अब साइबर एक्सपर्ट्स की टीम उस डिलीट किए गए डेटा और वीडियो को रिकवर करने में जुटी है. पुलिस का मानना है कि डेटा रिकवर होते ही पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है और इस मामले में और भी कई रसूखदार लोगों के नाम सामने आ सकते हैं.

SIT जांच की मांग और सियासी सरगर्मी

परतवाड़ा के इस कांड ने अब राजनीतिक मोड़ भी ले लिया है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विपक्षी दलों और स्थानीय संगठनों ने एसआईटी (SIT) जांच की मांग तेज कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल एक व्यक्ति का काम नहीं हो सकता, इसके पीछे एक गहरी साजिश है. वहीं, पुलिस ने पीड़िताओं की सुरक्षा और गोपनीयता का भरोसा दिलाया है. महिला पुलिस अधिकारियों की एक विशेष टीम बनाई गई है जो पीड़ितों से संपर्क कर रही है ताकि वे बिना किसी डर के अपना बयान दर्ज करा सकें.

Latest news

Related news